डोली पर विदा हुईं बड़ी देवी, सिपाही घाट पर देर रात तक जारी है प्रतिमा विसर्जन ..

सुबह करीब 11:30 बजे से प्रतिमाओं का विसर्जन शुरु हुआ. नगर परिषद ने इस बार तालाब तक पहुंचने के लिए सड़क भी बनवाई थी, जिससे विसर्जन के लिए आने वाले लोगों को सुविधा मिली. 




                           



- 109 वर्षों से श्री चन्द्र मंदिर में स्थापित हो रही मां दुर्गा की प्रतिमा का भी हुआ विसर्जन, खोइंछा भरकर महिलाओं ने मांगी सुख-समृद्धि

- इस बार कृत्रिम तालाब तक बनाई गई थी पक्की सड़क, एसडीएम-एसडीपीओ के साथ नगर परिषद के कर्मी रहे मौजूद

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : विजयादशमी के बाद बुधवार को बक्सर में मां दुर्गा की विदाई का सिलसिला श्रद्धा, आस्था और भावुक माहौल के बीच शुरु हुआ. शहर के मेन रोड स्थित बड़ी देवी की डोली निकली तो मां के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी. दूसरी ओर, सिपाही घाट पर गंगा किनारे बनाए गए कृत्रिम तालाब में सुबह करीब 11:30 बजे से प्रतिमाओं का विसर्जन शुरु हुआ. नगर परिषद ने इस बार तालाब तक पहुंचने के लिए सड़क भी बनवाई थी, जिससे विसर्जन के लिए आने वाले लोगों को सुविधा मिली.

डोली के साथ नम हुईं श्रद्धालुओं की आंखें

बड़ी देवी की विदाई के दौरान पूजा समिति के सदस्य स्वयं कहार बने और डोली पर मां को विदा किया. महिलाओं ने पारंपरिक तरीके से खोइंछा भरकर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की. पीले वस्त्र धारण कर महिलाओं ने नाचते-गाते मां को विदाई दी. डोली आगे बढ़ती गई और श्रद्धालु भावुक होकर मां के दर्शन करते रहे. सड़कों के दोनों ओर लोगों की भीड़ रही, जबकि घरों की छतों से भी महिलाओं ने हाथ जोड़कर मां को नमन किया.

बड़ी देवी की डोली पूजा स्थल से निकलकर यमुना चौक, ठठेरी बाजार, त्रिमुहानी, पीपी रोड, रामरेखा घाट रोड और वीर कुंवर सिंह चौक होते हुए केंद्रीय कारा पहुंची. रास्ते में विभिन्न पूजा पंडालों में मां का स्वागत किया गया. पूजा समितियों के सदस्यों और महिलाओं ने माल्यार्पण कर अगले वर्ष फिर आगमन की कामना की.

श्री चन्द्र मंदिर में स्थापित माता की प्रतिमा का भी विसर्जन

जय मां दुर्गा पूजा समिति की ओर से श्री चन्द्र मंदिर में लगातार 109 वर्षों से मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की जा रही है. बुधवार को यहां स्थापित माता की प्रतिमा का भी विधि-विधान और श्रद्धा के साथ विसर्जन किया गया. महिलाओं ने खोइंछा भरकर मां को विदाई दी. आयोजन में दिनेश जायसवाल, अमन केशरी, पंकज पांडेय, अभिषेक वर्मा, रिंकू सर्राफ और मंजेश कुमार समेत कई लोगों की सक्रिय भागीदारी रही.

उधर, सिपाही घाट पर देर शाम तक विसर्जन का सिलसिला जारी रहा. शाम करीब सात बजे तक लगभग एक दर्जन प्रतिमाओं का विसर्जन बाकी था. मौके पर एसडीएम अविनाश कुमार, एसडीपीओ गौरव पांडेय, रेड क्रॉस सचिव डॉ. श्रवण कुमार तिवारी, नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह और नगर परिषद के कर्मी मौजूद रहे.












Post a Comment

0 Comments