वीडियो : सोनपुर मेले की तर्ज पर बक्सर में लगेगा भव्य मेला, डेढ़ महीने तक होगा आयोजन ..

इसके लिए त्रिमोहानी के पास जगह चिह्नित की गई है. नगर परिषद के मुख्य पार्षद प्रतिनिधि नियामतुल्लाह फरीदी ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि आयोजन को लेकर अनुमंडल पदाधिकारी और कार्यपालक पदाधिकारी से विचार-विमर्श किया जा चुका है.




                           






  • त्रिमोहानी के पास जमीन चिह्नित, पशु मेले को भी किया जाएगा शामिल
  • दिसंबर से पहले कृषि मेले के रूप में शुरुआत की तैयारी, जेल के पीछे से बनेगा अतिरिक्त रास्ता

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : शहर में मनोरंजन के स्थायी साधनों की कमी दूर करने और स्थानीय लोगों को बड़ा मेला उपलब्ध कराने की दिशा में नगर परिषद ने पहल शुरु की है. सोनपुर मेले की तर्ज पर बक्सर में भी भव्य मेले के आयोजन की योजना बनाई जा रही है. यह मेला करीब एक से डेढ़ महीने तक चलेगा, जिसमें पशु मेले को भी शामिल करने की तैयारी है. इसके लिए त्रिमोहानी के पास जगह चिह्नित की गई है. नगर परिषद के मुख्य पार्षद प्रतिनिधि नियामतुल्लाह फरीदी ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि आयोजन को लेकर अनुमंडल पदाधिकारी और कार्यपालक पदाधिकारी से विचार-विमर्श किया जा चुका है.

उन्होंने कहा कि बक्सर शहर में फिलहाल कोई स्थायी पार्क या ऐसा प्रमुख स्थल नहीं है, जहां लोग परिवार और बच्चों के साथ घूमने-फिरने जा सकें. ऐसे में दशहरा जैसे पर्व के अवसर पर लगने वाला मेला लोगों के मनोरंजन का महत्वपूर्ण केंद्र बनता है. बड़े मेले का आयोजन होने से शहरवासियों को मनोरंजन के साथ-साथ खरीदारी और अन्य गतिविधियों का भी अवसर मिलेगा.

सफाई और सुविधाओं पर रहेगा जोर

नियामतुल्लाह फरीदी ने नवरात्रि के अवसर पर सभी नगरवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मेले में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा. उन्होंने कहा कि शहर में बड़े स्तर पर मेले का आयोजन होने से लोगों को बाहर जाने के बजाय बक्सर में ही मनोरंजन का बेहतर विकल्प मिल सकेगा.

जेल के पीछे से रास्ता बनाने की तैयारी

प्रस्तावित मेले में लोगों की आवाजाही आसान बनाने के लिए जेल के पीछे से एक अतिरिक्त रास्ता तैयार करने का प्रयास भी किया जा रहा है. नियामतुल्लाह फरीदी के अनुसार, दिसंबर से पहले इस स्थल पर कृषि मेले के रूप में आयोजन शुरु करने की तैयारी है. इसके बाद सोनपुर मेले की तर्ज पर बड़े और लंबे समय तक चलने वाले मेले की योजना को आगे बढ़ाया जा सकता है.

हालांकि, भव्य मेले के आयोजन की योजना को लेकर अभी आगे की प्रक्रिया पूरी होनी बाकी है. यदि यह योजना धरातल पर उतरती है, तो बक्सर को एक नया प्रमुख मनोरंजन स्थल मिलने के साथ स्थानीय गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल सकता है.

वीडियो : 













Post a Comment

0 Comments