संघ के शताब्दी वर्ष पर बक्सर में गूंजा शाखाओं का संदेश, सैकड़ों स्वयंसेवकों ने किया एकत्रीकरण ..

कहा कि संघ का मूल विचार व्यक्ति निर्माण के माध्यम से समाज और राष्ट्र को सशक्त बनाने का है. शाखा में केवल शारीरिक गतिविधियां ही नहीं होतीं, बल्कि अनुशासन, समयबद्धता, बंधुत्व, सेवा, नेतृत्व और राष्ट्रभाव जैसे संस्कार विकसित करने का प्रयास किया जाता है.




                           



  • सिमरी के नियाजीपुर में ध्वजारोहण के बाद शारीरिक कार्यक्रम, सूर्य नमस्कार और सामूहिक गीत से बना देशभक्ति का माहौल
  • अविनाश कुमार वर्मा बोले- शाखा के माध्यम से अनुशासन, बंधुत्व, सेवा और राष्ट्रभाव के संस्कार विकसित करने पर जोर

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के सातवें कार्यक्रम के तहत रविवार को बक्सर जिले के सभी 12 खंडों और 2 नगरों में स्वयंसेवकों का एकत्रीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया. इसी क्रम में सिमरी खंड के नियाजीपुर स्थित मस्तराम बाबा की कुटिया में सुबह स्वयंसेवकों का एकत्रीकरण हुआ. ध्वजारोहण के बाद शारीरिक कार्यक्रम, आसन, सूर्य नमस्कार और विभिन्न खेल गतिविधियां आयोजित की गईं. सामूहिक गीत "स्वयं अब जागकर हमको, जगाना देश है अपना" से कार्यक्रम स्थल पर देशभक्ति का वातावरण बना रहा.

कार्यक्रम में बौद्धिककर्ता एवं जिला शारीरिक शिक्षण प्रमुख, बक्सर अविनाश कुमार वर्मा ने कहा कि संघ पिछले सौ वर्षों से शाखा के माध्यम से व्यक्ति निर्माण का कार्य निरंतर कर रहा है. उन्होंने कहा कि भारत तेजी से बदलते दौर से गुजर रहा है और विज्ञान, तकनीक, शिक्षा, अर्थव्यवस्था तथा संचार के क्षेत्र में देश ने उल्लेखनीय प्रगति की है. वहीं सामाजिक विभाजन, परिवार व्यवस्था में बदलाव, पर्यावरण की चिंता, युवाओं में दिशाहीनता, सांस्कृतिक विस्मृति और व्यक्तिगत स्वार्थ जैसी चुनौतियां भी सामने हैं.

उन्होंने कहा कि संघ का मूल विचार व्यक्ति निर्माण के माध्यम से समाज और राष्ट्र को सशक्त बनाने का है. शाखा में केवल शारीरिक गतिविधियां ही नहीं होतीं, बल्कि अनुशासन, समयबद्धता, बंधुत्व, सेवा, नेतृत्व और राष्ट्रभाव जैसे संस्कार विकसित करने का प्रयास किया जाता है. उनके अनुसार किसी भी राष्ट्र की वास्तविक शक्ति उसके नागरिक होते हैं और जिम्मेदार, अनुशासित तथा समाज के प्रति संवेदनशील नागरिकों के निर्माण से राष्ट्र मजबूत होता है.

जिले में एक सप्ताह से चल रही शाखाओं की गतिविधियां

शताब्दी वर्ष के सातवें कार्यक्रम के तहत बक्सर जिले में पिछले एक सप्ताह से विभिन्न स्थानों पर हर आयु वर्ग के स्वयंसेवकों की शाखाएं लगाई जा रही हैं. इसी क्रम में खंड और नगर स्तर पर स्वयंसेवकों का एकत्रीकरण किया गया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों ने भाग लिया.

कार्यक्रम में खंड कार्यवाह बृजराज पाठक, विभाग धर्म जागरण प्रमुख श्रीमन नारायण राय, आशुतोष ओझा, निलेश, अभिमन्यु, बबलू, जितेश, त्रियोगी उपाध्याय, आशुतोष, अविनाश मिश्रा, रतन दुबे, नीतेश और हरिशंकर पाठक समेत सैकड़ों स्वयंसेवक मौजूद रहे.


















Post a Comment

0 Comments