दीवार फांदकर आभूषण दुकान में घुसे चोर, लॉकर तोड़कर पांच लाख के गहने ले उड़े ..

लॉकर की जांच करने पर उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण गायब मिले. इसके बाद आसपास के लोगों को चोरी की जानकारी दी गई. देखते ही देखते दुकान के पास लोगों की भीड़ जुट गई.




                           



  • पीछे के दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुए बदमाश, सुबह दुकान खोलने पहुंचे कारोबारी के उड़ गए होश
  • बिखरा पड़ा था सामान, टूटा मिला लॉकर; सीसीटीवी फुटेज के सहारे चोरों तक पहुंचने में जुटी पुलिस

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : नया भोजपुर थाना क्षेत्र के प्रतापसागर गांव में शनिवार की रात चोरों ने एक आभूषण दुकान को निशाना बनाकर करीब पांच लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने और नकदी चोरी कर ली. चोर दुकान के पिछले हिस्से से दीवार फांदकर अंदर पहुंचे और पिछले दरवाजे का ताला तोड़कर दुकान में दाखिल हुए. इसके बाद लॉकर का ताला तोड़ा और उसमें रखे आभूषण समेटकर आसानी से फरार हो गए. चोरी की जानकारी रविवार की सुबह उस समय हुई, जब चिलहरी निवासी दुकानदार विजय सेठ दुकान खोलने पहुंचे.

दुकान खोलते ही सामने आया चोरी का पूरा मंजर

रोज की तरह रविवार की सुबह विजय सेठ जब अपनी दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए. दुकान का सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था और लॉकर का ताला टूटा हुआ था. पहले तो उन्हें कुछ समझ नहीं आया, लेकिन लॉकर की जांच करने पर उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण गायब मिले. इसके बाद आसपास के लोगों को चोरी की जानकारी दी गई. देखते ही देखते दुकान के पास लोगों की भीड़ जुट गई.

पीछे से आए चोर, लॉकर तोड़कर ले गए जेवर

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चोरों ने दुकान के मुख्य दरवाजे के बजाय पिछले हिस्से को निशाना बनाया. दीवार फांदकर अंदर पहुंचने के बाद उन्होंने पिछले दरवाजे का ताला तोड़ा. इसके बाद दुकान के अंदर रखे लॉकर को भी तोड़ दिया और उसमें रखे करीब पांच लाख रुपये मूल्य के आभूषण लेकर निकल गए. वारदात के दौरान चोरों ने दुकान में रखा सामान भी अस्त-व्यस्त कर दिया.

घटना की सूचना मिलते ही नया भोजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल से उपलब्ध साक्ष्यों को जुटाया है. साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि चोरों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके.

नया भोजपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची थी. मामले की जांच की जा रही है. सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है.


















Post a Comment

0 Comments