एमपी उच्च विद्यालय, किला मैदान, कला भवन और बैडमिंटन हॉल में खो-खो, वॉलीबॉल, एथलेटिक्स, साइकिलिंग, फुटबॉल, कुश्ती, बैडमिंटन और शतरंज की प्रतियोगिताएं हुईं, जिनमें अंडर-14 से अंडर-19 आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं ने हिस्सा लिया.

- खेल मैदान से निकलीं बक्सर की नई खेल प्रतिभाएं, बैडमिंटन-शतरंज में बेटियों ने भी दिखाया दम
- वॉलीबॉल और बास्केटबॉल में टीमों ने दिखाया जोश, विजेताओं के चेहरे पर दिखी जीत की खुशी
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : खेल विभाग बिहार सरकार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण पटना और जिला प्रशासन बक्सर के संयुक्त सौजन्य से आयोजित जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता 2026 के दूसरे दिन बुधवार को जिले के अलग-अलग खेल मैदान खिलाड़ियों की प्रतिभा और जोश से गुलजार रहे. एमपी उच्च विद्यालय, किला मैदान, कला भवन और बैडमिंटन हॉल में खो-खो, वॉलीबॉल, एथलेटिक्स, साइकिलिंग, फुटबॉल, कुश्ती, बैडमिंटन और शतरंज की प्रतियोगिताएं हुईं, जिनमें अंडर-14 से अंडर-19 आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं ने हिस्सा लिया.
बैडमिंटन में श्रेयांश, प्रिंस और प्रतीक ने मारी बाजी
बैडमिंटन के अंडर-14 बालक वर्ग में बिरला ओपन माइंड्स इंटरनेशनल स्कूल के श्रेयांश राज ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि कैम्ब्रिज स्कूल के अमितेश पाण्डेय दूसरे स्थान पर रहे. अंडर-17 में स्वामी विवेकानंद उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रिंस कुमार विजेता और सरस्वती विद्या मंदिर के श्लोक अग्रवाल उपविजेता बने.
अंडर-19 बालक वर्ग में फाउंडेशन स्कूल के प्रतीक राज ने पहला स्थान प्राप्त किया. उच्च विद्यालय पुलिया के प्रज्ञान प्रसाद दूसरे स्थान पर रहे. बालिका वर्ग में अंडर-14 की विजेता फाउंडेशन स्कूल की अद्विका सिंह, अंडर-17 की विजेता फाउंडेशन स्कूल की सौम्या समृद्धि और अंडर-19 की विजेता एमपी उच्च विद्यालय की ममता कुमारी रहीं.
शतरंज की बिसात पर भी खिलाड़ियों ने दिखाया दम
शतरंज के अंडर-14 बालिका वर्ग में मैथोडिस्ट स्कूल की भव्या गुप्ता ने बाजी मारी, जबकि किड्जी पब्लिक स्कूल की वंदना कुमारी दूसरे स्थान पर रहीं. अंडर-17 में मध्य विद्यालय एकौना की प्रज्ञा कुमारी प्रथम और सीपीएसएस प्लस-2 उच्च विद्यालय डुमरांव की सृष्टि कुमारी द्वितीय रहीं.
अंडर-19 बालिका वर्ग में कैम्ब्रिज स्कूल डुमरांव की सलोनी कुमारी प्रथम और बीबी हाई स्कूल बक्सर की दिव्या कुमारी द्वितीय रहीं. बालक वर्ग में अंडर-14 के विजेता कैम्ब्रिज स्कूल डुमरांव के अमृत राज और उपविजेता संत मेरी स्कूल बक्सर के अनिकेत श्रीवास्तव रहे.
अंडर-17 बालक वर्ग में बिहार पब्लिक स्कूल के शेखर कुमार साह ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि कैम्ब्रिज स्कूल डुमरांव के पृथ्वी राज दूसरे स्थान पर रहे. अंडर-19 में हाई स्कूल बंशवर के प्रीतम यादव प्रथम और कैम्ब्रिज स्कूल डुमरांव के धर्मवीर कुमार द्वितीय रहे.
वॉलीबॉल-बास्केटबॉल में टीमों ने जमाया रंग
बास्केटबॉल के अंडर-17 बालक वर्ग में फाउंडेशन स्कूल बक्सर की टीम विजेता बनी. उच्च विद्यालय तिवारीपुर की टीम उपविजेता रही. वॉलीबॉल के अंडर-17 बालक वर्ग में आदर्श उच्च विद्यालय चौसा ने खिताब अपने नाम किया, जबकि उच्च विद्यालय बलिहार की टीम दूसरे स्थान पर रही.
वॉलीबॉल के अंडर-19 बालक वर्ग में उच्च विद्यालय बलिहार की टीम विजेता और उच्च विद्यालय डुमरांव की टीम उपविजेता बनी. वहीं, एमपी उच्च विद्यालय, किला मैदान, कला भवन और बैडमिंटन हॉल में अन्य खेलों की प्रतियोगिताएं भी जारी रहीं. प्रतियोगिता के जरिए जिले के स्कूलों से उभर रही खेल प्रतिभाओं को जिला स्तर पर अपनी क्षमता दिखाने का मंच मिला.




.png)








0 Comments