जांच के दौरान खोजी कुत्ते ने एक घर को चिह्नित किया. इसके बाद पुलिस ने एक व्यक्ति को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ट्रांसफार्मर चोरी में कौन-कौन लोग शामिल हैं और चोरी किए गए ट्रांसफार्मर को कहां ले जाया गया.
- रात के अंधेरे में पोल से ट्रांसफार्मर गायब, सुबह खेत पहुंचे किसानों के उड़ गए होश
- डॉग स्क्वायड की जांच में एक घर चिन्हित, एक व्यक्ति हिरासत में लेकर पूछताछ
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिले के राजपुर थाना क्षेत्र के पिपराढ़ नहर से पश्चिम बधार में मंगलवार की रात चोरों ने बिजली विभाग के ट्रांसफार्मर पर ही हाथ साफ कर दिया. खेतों की सिंचाई के लिए लगे ट्रांसफार्मर को चोर रात के अंधेरे में खोलकर ले गए और पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी. बुधवार की सुबह जब किसान खेतों की ओर पहुंचे तो पोल से ट्रांसफार्मर गायब देखकर उनके होश उड़ गए. ट्रांसफार्मर चोरी की खबर फैलते ही इलाके के किसानों में हड़कंप मच गया.
ट्रांसफार्मर के सहारे बधार में दर्जनों एकड़ धान की फसल की सिचाई होती थी. चोरी के बाद सिंचाई व्यवस्था ठप पड़ गई है. किसानों के लिए परेशानी इसलिए भी बढ़ गई है क्योंकि धान की फसल को इस समय पानी की जरूरत है. किसानों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरु की.
खोजी कुत्ता पहुंचा एक घर तक
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने डॉग स्क्वायड को भी बुलाया. टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाके में बारीकी से जांच की. जांच के दौरान खोजी कुत्ते ने एक घर को चिह्नित किया. इसके बाद पुलिस ने एक व्यक्ति को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ट्रांसफार्मर चोरी में कौन-कौन लोग शामिल हैं और चोरी किए गए ट्रांसफार्मर को कहां ले जाया गया.
किसानों को फसल सूखने की चिंता
किसान नथुन साह, बबलू सिंह, लालजी साह, संतोष कुमार गुप्ता और मुखिया प्रतिनिधि पिंटू राय समेत अन्य किसानों ने बताया कि इसी ट्रांसफार्मर से दर्जनों एकड़ खेतों की सिंचाई होती थी. किसानों के मुताबिक ट्रांसफार्मर चोरी होने से धान की फसल पर संकट खड़ा हो गया है. अगर जल्द नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया तो फसल प्रभावित होने से किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है.
थानाध्यक्ष निवास कुमार ने बताया कि डॉग स्क्वायड की मदद से मामले की गहन जांच की जा रही है. एक व्यक्ति को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरी में शामिल लोगों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.





.png)







0 Comments