खो-खो में पटना और मुंगेर का दबदबा, दरभंगा व भागलपुर ने भी दर्ज की जीत ..

इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में बिहार के नौ प्रमंडलों और एक एकलव्य टीम के कुल 360 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं. खेल विभाग, बिहार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह प्रतियोगिता 27 से 29 अक्टूबर तक चलेगी.




               






  • बक्सर में राज्य स्तरीय अंतर-प्रमंडलीय विद्यालय प्रतियोगिता का आगाज, नौ प्रमंडलों और एक एकलव्य टीम के 360 खिलाड़ी ले रहे हिस्सा
  • पहले दिन सात मुकाबलों के परिणाम आए, एमपी हाई स्कूल मैदान में 29 अक्टूबर तक चलेगी प्रतियोगिता

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : राज्य स्तरीय अंतर-प्रमंडलीय विद्यालय खो-खो प्रतियोगिता के पहले दिन पटना और मुंगेर की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो-दो मुकाबलों में जीत दर्ज की. वहीं, अंडर-14 वर्ग में भागलपुर और मगध तथा अंडर-19 वर्ग में दरभंगा की टीम ने भी जीत हासिल की. मंगलवार को एमपी उच्च विद्यालय के खेल मैदान में शुरू हुई इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में बिहार के नौ प्रमंडलों और एक एकलव्य टीम के कुल 360 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं. खेल विभाग, बिहार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह प्रतियोगिता 27 से 29 अक्टूबर तक चलेगी.

डीएम और एसपी ने किया प्रतियोगिता का उद्घाटन

प्रतियोगिता का उद्घाटन जिलाधिकारी साहिला और पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. समारोह के दौरान विभिन्न प्रमंडलों से आए खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट कर अतिथियों को सलामी दी. छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समारोह में चार चांद लगा दिए. इसके बाद सभी खिलाड़ियों को निष्पक्षता और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की शपथ दिलाई गई.

जिलाधिकारी और अन्य अतिथियों ने मैदान में पहुंचकर खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और टॉस कराकर पहले मुकाबले की शुरुआत कराई. जिलाधिकारी ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि खेल में जीत और हार दोनों का महत्व है. जीत से उत्साह मिलता है, जबकि हार अपनी कमियों को पहचानकर आगे बढ़ने का अवसर देती है. उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन और खेल भावना के साथ खेलने की शुभकामनाएं दीं.

पहले दिन सात मुकाबलों के आए परिणाम

प्रतियोगिता के पहले दिन अलग-अलग आयु वर्गों में सात मुकाबले खेले गए. अंडर-14 वर्ग में पटना ने दरभंगा को एक पाली और पांच अंक से हराया. भागलपुर ने तिरहुत को एक पाली और चार अंक से शिकस्त दी. मुंगेर ने पूर्णिया को एक पाली और दस अंक से पराजित किया, जबकि मगध ने कोशी को एक पाली और छह अंक से हराया.

अंडर-17 वर्ग में पटना ने दरभंगा को एक पाली और दो अंक से हराया. इसी वर्ग में मुंगेर ने कोशी को एक पाली और 15 अंक से पराजित कर जीत दर्ज की. वहीं, अंडर-19 वर्ग में दरभंगा ने पूर्णिया को 11 अंकों से हराया.

पहले दिन के परिणामों में पटना और मुंगेर की टीमों ने दो-दो जीत दर्ज कीं. प्रतियोगिता के अगले दो दिनों में भी विभिन्न प्रमंडलों की टीमों के बीच मुकाबले जारी रहेंगे.

तीरंदाजी प्रशिक्षण की भी हुई शुरुआत

खो-खो प्रतियोगिता के साथ एमपी उच्च विद्यालय में तीरंदाजी प्रशिक्षण की शुरुआत भी की गई. राष्ट्रीय तीरंदाजी खिलाड़ी मुक्ति नारायण पाठक के मार्गदर्शन में शुरू होने वाले प्रशिक्षण का उद्घाटन जिलाधिकारी साहिला ने फीता काटकर और लक्ष्य पर निशाना लगाकर किया. इस पहल से स्थानीय खिलाड़ियों को तीरंदाजी सीखने और अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलने की उम्मीद है.

इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय तैराकी पदक विजेता विजेन्द्र राय को भी सम्मानित किया गया. दूसरी एशियन मास्टर्स तैराकी प्रतियोगिता-2026 में बेंगलुरु स्थित पादुकोण-द्रविड़ सेंटर फॉर स्पोर्ट्स एक्सीलेंस में पदक जीतने पर जिलाधिकारी ने उन्हें शॉल, बुके, मोमेंटो, सम्मान पत्र और पौधा देकर सम्मानित किया.

समारोह में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता रवि बहादुर, वरीय उप समाहर्ता, उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी, जिला सैनिक कल्याण पदाधिकारी और प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित जिले के कई वरीय अधिकारी उपस्थित रहे. प्रतियोगिता के शेष मुकाबले 28 और 29 अक्टूबर को खेले जाएंगे.

वीडियो : 











Post a Comment

0 Comments