मिश्रवलिया के पास सड़क की बदली तस्वीर, गड्ढे भरने के साथ हुआ कालीकरण ..

सड़क पर जलजमाव और जानलेवा गड्ढों की समस्या सामने आने के बाद प्रशासन ने संज्ञान लिया है. सड़क पर जमा पानी की निकासी कराने के साथ गड्ढों को भरकर समतलीकरण और कालीकरण का काम कराया गया है.




               




  • कोचस-बक्सर मुख्य मार्ग पर जलजमाव और गड्ढों से परेशान वाहन चालकों को मिली राहत, प्रशासन ने समस्या पर लिया संज्ञान
  • मुख्य सचिव की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में भी सड़कों को दुरुस्त कराने का निर्देश, सूचना जनसंपर्क पदाधिकारी ने दी जानकारी

बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर:  कोचस-बक्सर मुख्य मार्ग पर मिश्रवलिया गांव के पास सड़क की बदहाली से परेशान लोगों के लिए राहत की खबर है. सड़क पर जलजमाव और जानलेवा गड्ढों की समस्या सामने आने के बाद प्रशासन ने संज्ञान लिया है. सड़क पर जमा पानी की निकासी कराने के साथ गड्ढों को भरकर समतलीकरण और कालीकरण का काम कराया गया है. इससे इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों और राहगीरों को राहत मिलने की उम्मीद है.

इस जनसमस्या को बक्सर टॉप न्यूज ने भी प्रमुखता से प्रकाशित किया था. खबर के माध्यम से सड़क पर बह रहे घरों के गंदे पानी, जगह-जगह बने गड्ढों और आवागमन के दौरान लोगों को हो रही परेशानी को सामने लाया गया था. इसके बाद प्रशासनिक स्तर पर मामले को लेकर कार्रवाई की गई.

गड्ढों और जलजमाव से परेशान थे वाहन चालक

मिश्रवलिया के पास सड़क पर घरों से निकलने वाला गंदा पानी बहने और जगह-जगह गड्ढे बने रहने से आवागमन मुश्किल हो गया था. रविवार को इस रास्ते से गुजरने वाले छोटे-बड़े वाहन चालकों को काफी सतर्कता बरतनी पड़ रही थी. गड्ढों को पार करते समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी. स्थानीय लोगों ने भी समस्या के जल्द समाधान की मांग उठाई थी.

जानकारी के अनुसार, पिछले पांच वर्षों में घरों से निकलने वाले पानी की निकासी के लिए दो बार नाले का निर्माण कराया गया, लेकिन इसके बावजूद जलनिकासी की समस्या बनी रही. ऐसे में सड़क की मरम्मत के साथ पानी की निकासी की स्थायी व्यवस्था करना भी जरूरी है.

मुख्य सचिव की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में मिला निर्देश

इस संबंध में सूचना जनसंपर्क पदाधिकारी आलोक नारायण वत्स ने बताया कि सोमवार को मुख्य सचिव के साथ हुई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में सभी छूटे हुए मार्गों को दुरुस्त कराने का निर्देश मिला है. उन्होंने बताया कि संबंधित समस्या पर संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की गई है.

सड़क के गड्ढों को भरने और कालीकरण कराने से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है. हालांकि, सड़क पर दोबारा जलजमाव नहीं हो, इसके लिए जलनिकासी की व्यवस्था को स्थायी रूप से दुरुस्त करना जरूरी है. इससे सड़क को बार-बार खराब होने से बचाया जा सकेगा और लोगों को आवागमन में परेशानी नहीं होगी.










Post a Comment

0 Comments