मंदिर में चोरी, प्रतिमा से सोने की आंख चुरा ले भागे चोर ..

सोने की एक आंख निकाल ले भागे. इसकी कीमत करीब 40 हजार रुपये बताई जा रही है. चोर दूसरी आंख निकालने में सफल नहीं हो सके. घटना के बाद मंदिर प्रबंधन ने बची हुई सोने की आंख को सुरक्षित रख लिया.





                           




  • डुमरांव में 40 हजार की सोने की आंख चोरी, मोबाइल दुकान से लाखों की चोरी के बाद सुरक्षा पर सवाल
  • गीता मोबाइल सेंटर में 36 लाख के मोबाइल और 2.90 लाख नकद चोरी के बाद मंदिर में वारदात, पूर्व विधायक ने दुकानदार से मिलकर ली जानकारी

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिले के डुमरांव में चोरों का दुस्साहस लगातार बढ़ता दिख रहा है. स्टेशन रोड स्थित गीता मोबाइल सेंटर से लाखों रुपये के मोबाइल और नकदी चोरी होने का मामला अभी चर्चा में है, इसी बीच चोरों ने अंजान ब्रह्म बाबा मंदिर को निशाना बना लिया. यहां प्रतिमा से करीब 40 हजार रुपये मूल्य की सोने की एक आंख चोरी कर ली गई. लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं ने बाजार से लेकर धार्मिक स्थलों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

प्रतिमा की एक आंख ले गए चोर, दूसरी बची

डुमरांव स्थित अंजान ब्रह्म बाबा मंदिर में चोर प्रतिमा पर लगी सोने की एक आंख निकाल ले भागे. इसकी कीमत करीब 40 हजार रुपये बताई जा रही है. चोर दूसरी आंख निकालने में सफल नहीं हो सके. घटना के बाद मंदिर प्रबंधन ने बची हुई सोने की आंख को सुरक्षित रख लिया.

धार्मिक स्थल पर चोरी की घटना से स्थानीय लोगों में नाराजगी है. लोगों का कहना है कि जब मंदिर की प्रतिमा सुरक्षित नहीं है, तो दुकानों और घरों की सुरक्षा को लेकर चिंता होना स्वाभाविक है. लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की है.

थाने से 500 मीटर दूर दुकान में हुई थी बड़ी चोरी

डुमरांव में चोरी की दूसरी बड़ी घटना स्टेशन रोड स्थित गीता मोबाइल सेंटर की है. दुकान से ओप्पो के 43 मोबाइल, एप्पल के 13 आईफोन और वीवो के 21 मोबाइल समेत करीब 36 लाख रुपये के मोबाइल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी. इसके अलावा 2.90 लाख रुपये नकद चोरी होने की बात भी सामने आई थी.

दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज में चेहरा ढके एक संदिग्ध को चोरी करते देखा गया था. घटनास्थल डुमरांव थाने से महज 500 मीटर की दूरी पर होने के कारण पुलिस की रात्रि गश्त पर सवाल उठे थे. अब मंदिर में चोरी की घटना सामने आने के बाद लोगों की चिंता और बढ़ गई है.

पूर्व विधायक ने दुकानदार से मिलकर ली जानकारी

मोबाइल दुकान में हुई चोरी के मामले में डुमरांव के पूर्व विधायक डॉ. अजीत कुमार सिंह ने दुकानदार दीपक प्रसाद से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली. उन्होंने घटना पर खेद जताया. इस दौरान चोरी से हुए नुकसान और बाजार की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा हुई.

मंदिर से चोरी की घटना के बारे में डुमरांव थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने बताया कि वह मामले की जानकारी ले रहे हैं. साथ ही यह भी बताया कि मोबाइल दुकान से चोरी की घटना मामले में भी पुलिस जांच तेज की गई है तथा विभिन्न बिंदुओं पर पड़ताल की जा रही है.














Post a Comment

0 Comments