प्रत्येक तल पर टीवी डिस्प्ले लगाने पर विचार किया गया. अस्पताल परिसर में डिजिटल साइनेज की व्यवस्था करने की भी योजना है. इसके अलावा मरीजों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए अतिरिक्त स्ट्रेचर और व्हीलचेयर उपलब्ध कराने पर भी मंथन हुआ.
- हर मंजिल पर टीवी डिस्प्ले, डिजिटल साइनेज और अतिरिक्त स्ट्रेचर-व्हीलचेयर की तैयारी; रात में रोशन होगा अस्पताल परिसर
- कचरा उठाव, सीसीटीवी, दवा केंद्र और रक्त केंद्र की समस्याओं पर फोकस; डॉक्टर-कर्मियों को रोस्टर के मुताबिक ड्यूटी का निर्देश
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : सदर अस्पताल में मरीजों को बेहतर इलाज के साथ सुविधाजनक माहौल देने के लिए व्यवस्थाओं में बड़े बदलाव की तैयारी शुरू हो गई है. मंगलवार को रोगी कल्याण समिति की बैठक में अस्पताल की व्यवस्था से जुड़े कई ऐसे मुद्दे उठे, जिनका सीधा असर मरीजों और उनके परिजनों की सुविधा पर पड़ता है. अस्पताल भवन के रंग-रोगन, स्ट्रीट लाइट, डिजिटल साइनेज और हर मंजिल पर टीवी डिस्प्ले से लेकर अतिरिक्त स्ट्रेचर-व्हीलचेयर, पार्किंग, ऑक्सीजन प्लांट और अग्नि सुरक्षा तक पर विस्तार से चर्चा हुई. डीडीसी निहारिका छवि की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट परिसर स्थित कार्यालय कक्ष में हुई बैठक में संबंधित पदाधिकारियों को जरूरी कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने का निर्देश दिया गया.
सदर अस्पताल में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं और जरूरी स्वास्थ्य संबंधी जानकारी आसानी से मिल सके, इसके लिए प्रत्येक तल पर टीवी डिस्प्ले लगाने पर विचार किया गया. अस्पताल परिसर में डिजिटल साइनेज की व्यवस्था करने की भी योजना है. इसके अलावा मरीजों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए अतिरिक्त स्ट्रेचर और व्हीलचेयर उपलब्ध कराने पर भी मंथन हुआ.
चमकेगा अस्पताल परिसर, रात में भी बेहतर होगी रोशनी
बैठक में अस्पताल भवन के रंग-रोगन और परिसर में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था को भी प्रमुखता से उठाया गया. अस्पताल की अंदरूनी सुविधाओं के साथ बाहरी परिसर को भी व्यवस्थित करने पर जोर दिया गया. मरीजों के लिए जरूरी सुविधाएं आसानी से उपलब्ध हों, इसके लिए आधारभूत संरचना को मजबूत करने की योजना पर चर्चा हुई.
कचरा उठाव से सीसीटीवी तक, कई कमियां होंगी दूर
साफ-सफाई और निगरानी व्यवस्था को लेकर भी बैठक में कई अहम बिंदुओं पर चर्चा हुई. मेडिकल वेस्ट के लिए कचरा संग्रहण स्थल के निर्माण के साथ प्रतिदिन कचरा उठाव सुनिश्चित कराने की बात कही गई. वहीं अस्पताल परिसर में खराब पड़े सीसीटीवी कैमरों की मरम्मति कराने का निर्देश दिया गया.
दवाओं के सुरक्षित रख-रखाव के लिए अतिरिक्त स्थान का चयन करने और दवा वितरण केंद्र की मरम्मति कराने पर भी विचार किया गया. एसएनसीयू में भर्ती मरीजों के अभिभावकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शेड निर्माण की योजना पर भी चर्चा हुई.
मुख्य गेट के बाहर हटेगा अतिक्रमण, नगर परिषद के सहयोग से बनेगी पार्किंग
सदर अस्पताल के मुख्य द्वार के बाहरी क्षेत्र को अतिक्रमणमुक्त कर नगर परिषद के सहयोग से पार्किंग विकसित करने पर भी बैठक में मंथन किया गया. अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों और उनके परिजनों के वाहनों को व्यवस्थित तरीके से खड़ा करने में इससे मदद मिल सकती है.
ऑक्सीजन प्लांट और रक्त केंद्र की समस्याओं पर भी नजर
अस्पताल की विद्युत व्यवस्था और अग्नि सुरक्षा से जुड़े जरूरी कार्यों की भी समीक्षा की गई. इसके साथ ही ऑक्सीजन प्लांट की मरम्मति और रक्त केंद्र से संबंधित समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई. डीडीसी ने संबंधित पदाधिकारियों को सभी आवश्यक कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने का निर्देश दिया.
बैठक में चिकित्सकों और अस्पताल कर्मियों को निर्धारित रोस्टर के अनुसार अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा विभागीय दिशा-निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया. बैठक में रोगी कल्याण समिति के सदस्य डॉ. राजेश मिश्र भी मौजूद रहे.
रोगी कल्याण समिति की बैठक में सामने आए फैसलों से सदर अस्पताल की व्यवस्था में बदलाव की उम्मीद जगी है. अब इन प्रस्तावित कार्यों को जमीन पर उतारने की रफ्तार पर मरीजों की नजर रहेगी.





.png)








0 Comments