घटना को लेकर संगठन के बिहार प्रदेश महासचिव डॉ. दिलशाद आलम समेत दोनों जिलों के सदस्यों ने भोजपुर के एसपी से मामले में तत्काल संज्ञान लेने और हत्याकांड में शामिल अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की है.
- मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय संगठन ने भोजपुर एसपी से की त्वरित कार्रवाई की अपील
- पीड़ित परिवार और प्रत्यक्षदर्शियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी उठाई मांग
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : पड़ोसी जिले आरा में सामाजिक कार्यकर्ता, रोटेरियन और मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी राम कुमार सिंह की हत्या से बक्सर और आरा के सामाजिक कार्यकर्ताओं में शोक और आक्रोश है. घटना को लेकर संगठन के बिहार प्रदेश महासचिव डॉ. दिलशाद आलम समेत दोनों जिलों के सदस्यों ने भोजपुर के एसपी से मामले में तत्काल संज्ञान लेने और हत्याकांड में शामिल अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की है.
संगठन के सदस्यों ने घटना पर गहरी चिंता जताते हुए कहा कि मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच जरूरी है. उन्होंने पुलिस प्रशासन से हत्याकांड में शामिल हमलावरों, साजिशकर्ताओं और उनके सहयोगियों की पहचान कर साक्ष्यों के आधार पर कठोर कानूनी कार्रवाई करने की अपील की.
निष्पक्ष जांच और कठोर कार्रवाई की मांग
डॉ. दिलशाद आलम ने कहा कि इस गंभीर घटना की जांच में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए. पुलिस को सभी पहलुओं की जांच करते हुए दोषियों की पहचान करनी चाहिए, ताकि उन्हें कानून के तहत सजा मिल सके. संगठन ने अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी को लेकर प्रशासन से प्रभावी कदम उठाने की मांग की.
पीड़ित परिवार और गवाहों की सुरक्षा पर जोर
संगठन ने पीड़ित परिवार और प्रत्यक्षदर्शी गवाहों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ मामले से जुड़े साक्ष्यों को तत्काल सुरक्षित रखने की मांग भी उठाई. सदस्यों ने शोकसंतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि राम कुमार सिंह को न्याय दिलाने के लिए संगठन अपनी आवाज बुलंद करता रहेगा और प्रशासन के समक्ष इस मांग को मजबूती से उठाएगा.





.png)








0 Comments