बागेश्वर धाम के धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री चार दिवसीय प्रवास पर बक्सर आ रहे हैं. इस आयोजन की सबसे रोचक बात यह है कि 13 दिसंबर को बक्सर आगमन के साथ ही वे महोत्सव के तहत निकलने वाली भव्य श्रीराम की बारात में भी शामिल हो सकते हैं.
- 14 से 16 दिसंबर तक हवाई अड्डा मैदान में होगी तीन दिवसीय रामकथा, अंतिम दिन लगेगा दिव्य दरबार
- बिहार के प्रति विशेष स्नेह के कारण बक्सर आ रहे हैं शास्त्री, आश्रम में स्थानीय श्रद्धालुओं को देंगे दर्शन
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : महर्षि विश्वामित्र की तपोभूमि और मामाजी महाराज की साधना स्थली बक्सर में इस बार का सीताराम विवाह महोत्सव बेहद खास और ऐतिहासिक होने जा रहा है. सीताराम विवाह महोत्सव आश्रम की देखरेख और सानिध्य में 7 से 16 दिसंबर तक आयोजित होने वाले इस महोत्सव में बागेश्वर धाम के धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री चार दिवसीय प्रवास पर बक्सर आ रहे हैं. इस आयोजन की सबसे रोचक बात यह है कि 13 दिसंबर को बक्सर आगमन के साथ ही वे महोत्सव के तहत निकलने वाली भव्य श्रीराम की बारात में भी शामिल हो सकते हैं. आश्रम के महंत राजाराम शरण के साथ-साथ तैयारियों का जायजा लेने बागेश्वर धाम से बक्सर पहुंचे प्रतिनिधि राजपाल और अजय राय ने कार्यक्रम की पूरी रूपरेखा साझा की है.
महंत राजाराम शरण और बागेश्वर धाम के प्रतिनिधि राजपाल ने बताया कि 11 से 13 दिसंबर तक झांसी में कथा संपन्न करने के बाद धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री 13 दिसंबर की शाम बक्सर पहुंचेंगे. उसी दिन सीताराम विवाह महोत्सव के तहत भगवान श्रीराम की बारात निकलनी है और संभव है कि अपनी इच्छानुसार वे बारात में भी सम्मिलित हों. पहले दिन रात्रि में आगमन होने के कारण कथा का आयोजन नहीं होगा, बल्कि बक्सर के नजदीकी श्रद्धालुओं को मुख्य कार्यक्रम की भीड़ और धक्का-मुक्की से बचाने के लिए वे आश्रम में एक से दो घंटे रुककर स्थानीय लोगों को दर्शन देंगे.
इसके बाद 14, 15 और 16 दिसंबर को बक्सर के हवाई अड्डा मैदान में तीन दिवसीय भव्य रामकथा आयोजित की जाएगी, जिसके लिए तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं. प्रवास के अंतिम दिन 16 दिसंबर को बागेश्वर धाम की परंपरा के अनुरूप एक दिवसीय विशेष दिव्य दरबार भी लगाया जाएगा, जिसमें बड़ी आस लेकर पहुंचने वाले परिवारों की अर्जी सन्यासी बाबा और बागेश्वर बालाजी की कृपा से स्वीकार होगी. वहीं, राजपाल के साथ बक्सर पहुंचे अजय राय ने बताया कि बागेश्वर धाम वाले बाबा धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को बिहार से बहुत स्नेह है और इसी विशेष स्नेह की वजह से वे बक्सर भी आ रहे हैं.
बक्सर में कार्यक्रम संपन्न होने के बाद 17 से 19 दिसंबर तक वृंदावन में उनकी अगली कथा प्रस्तावित है. महंत राजाराम शरण ने इस आयोजन को पूरे बक्सर के लिए बड़ा सौभाग्य बताते हुए कहा कि मामाजी महाराज की इस पावन भूमि पर आने की इच्छा शास्त्री के मन में लंबे समय से थी, जिस पर हाल ही में वृंदावन की बैठक में मुहर लगी. उन्होंने कहा कि यह बक्सरवासियों के लिए गौरव का विषय है कि जिन सिद्ध संतों के दर्शन के लिए लोग बाहर टिकट कटाकर जाते हैं, मामाजी महाराज के स्नेह से वे स्वयं बक्सर की धरती पर घर बैठे दर्शन देने पधार रहे हैं.
वीडियो :








.png)










0 Comments