अप्रशिक्षित या नाबालिग से नाव न चलवाने तथा सूर्यास्त या खराब मौसम में परिचालन बंद रखने की हिदायत दी गई है. DTO ने स्पष्ट किया कि नगर परिषद और अंचल कार्यालय के सहयोग से जलमार्ग पर ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे.

- बिना हेलमेट व सीट बेल्ट के दौड़ रहे वाहन, खुद पुलिसकर्मी और प्रशासनिक गाड़ियां भी नियम तोड़ने में पीछे नहीं
- गंगा घाटों पर सक्रिय दिखे DTO प्रशांत रमानिया, जांच अभियान चलाकर 01 अनिबंधित नाव को किया जब्त
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिले में सड़क हादसों का खूनी खेल थमने का नाम नहीं ले रहा है. बीते महज एक पखवारे के भीतर राष्ट्रीय राजमार्ग-922 (NH-922) के साथ ही जिलेबके विभिन्न क्षेत्रों में तकरीबन 12 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि जिले के अन्य हिस्सों और विभिन्न सड़कों को जोड़ दें तो मृतकों का आंकड़ा 17 के करीब पहुंच गया है. इतने ही लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं. इन तमाम हादसों की सबसे बड़ी वजह यातायात नियमों की खुली अनदेखी है, जैसे बिना हेलमेट वाहन चलाना, सीट बेल्ट नहीं लगाना और गलत लेन (रॉन्ग साइड) में गाड़ी चलाना. इसके बावजूद सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन के द्वारा कोई विशेष अभियान नहीं चलाया जा रहा है.
हालात इतने चिंताजनक हैं कि कई प्रशासनिक गाड़ियों में भी साफ तौर पर ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन होता दिखाई देता है. कई वाहनों पर ब्लैक फिल्म लगी हुई है और गाड़ियों में बैठने वाले लोग सीट बेल्ट का इस्तेमाल नहीं करते. इतना ही नहीं, आम लोगों का चालान काटने वाले पुलिसकर्मी भी खुद बिना हेलमेट के वाहन चलाते देखे जाते हैं. दुर्भाग्य यह है कि जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) का ध्यान इस ओर नहीं जा रहा है.
दूसरी ओर, परिवहन विभाग जलमार्ग की निगरानी को लेकर पूरी तरह मुस्तैद दिख रहा है. जिलाधिकारी के निर्देशानुसार DTO प्रशांत रमानिया के नेतृत्व में 28 नवंबर 2026 को रामरेखा घाट सहित शहर के अन्य गंगा घाटों पर अवैध व अनिबंधित नावों के विरुद्ध सघन जांच अभियान चलाया गया. जांच के क्रम में बिना वैध निबंधन और सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करती पाई गई 01 अनिबंधित नाव को नगर परिषद की टीम ने तत्काल प्रभाव से जब्त कर लिया, साथ ही नाव स्वामी के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
इस दौरान नाव स्वामियों एवं नाविकों को सख्त निर्देश दिया गया कि बिना रजिस्ट्रेशन और फिटनेस प्रमाण पत्र के नाव का परिचालन न करें, ओवरलोडिंग से बचें और प्रत्येक नाव में लाइफ जैकेट व रस्सी जैसे जीवन रक्षक उपकरण अनिवार्य रूप से रखें. इसके अलावा, अप्रशिक्षित या नाबालिग से नाव न चलवाने तथा सूर्यास्त या खराब मौसम में परिचालन बंद रखने की हिदायत दी गई है. DTO ने स्पष्ट किया कि नगर परिषद और अंचल कार्यालय के सहयोग से जलमार्ग पर ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे.
जलमार्ग पर दुर्घटनाओं को रोकने की यह पहल निश्चित रूप से सराहनीय है, लेकिन सबसे बड़ा सवाल प्रशासन की प्राथमिकताओं पर खड़ा होता है. जब जिले की विभिन्न सड़कों और NH-922 पर हर दिन जिंदगियां दम तोड़ रही हैं, तब परिवहन महकमे की ऐसी ही सख्ती सड़कों पर क्यों नजर नहीं आ रही है.









.png)










0 Comments