लखनऊ के क्लब में रची गई साजिश, छह महीने तक चलता रहा 'डिजिटल ब्लैकमेल' का खौफनाक खेल ..

मामले का खुलासा तब हुआ जब आरोपितों ने किशोर को पटना ले जाकर छोड़ दिया. पीड़ित के पिता ने नगर थाने में चार नामजद आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन दिया है.







               




  • नाबालिग का अश्लील वीडियो बनाकर ऐंठे लाखों रुपये, साढ़े पांच लाख के लिए स्टांप पेपर पर भी कराया हस्ताक्षर
  • पिता की दुकान से रोजाना तीन से चार हजार रुपये निकालकर देने को मजबूर हुआ किशोर, पटना ले जाकर छोड़ा

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : शहर के नगर थाना क्षेत्र से अपराध और ब्लैकमेलिंग का एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है. जहां एक नाबालिग किशोर को पहले बहला-फुसलाकर लखनऊ ले जाया गया, फिर उसका अश्लील वीडियो बनाकर छह महीने तक लगातार आर्थिक और मानसिक शोषण किया गया. मामले का खुलासा तब हुआ जब आरोपितों ने किशोर को पटना ले जाकर छोड़ दिया. पीड़ित के पिता ने नगर थाने में चार नामजद आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन दिया है.

लखनऊ के क्लब से शुरू हुई खौफनाक साजिश पुलिस को दिए गए आवेदन के अनुसार, इस पूरे घटनाक्रम की नींव करीब छह महीने पहले रखी गई थी. नगर थाना क्षेत्र निवासी काजू वर्मा नामक युवक पीड़ित नाबालिग को अपने साथ लखनऊ ले गया. आरोप है कि वहां एक क्लब में लड़कियों के साथ डांस कराते हुए किशोर का वीडियो शूट किया गया. इसके बाद एक कमरे में काजू वर्मा और एक अज्ञात महिला ने नाबालिग के साथ यौन दुर्व्यवहार किया और इस घिनौनी हरकत का भी अश्लील वीडियो बना लिया.

बदनामी के डर से पिता की दुकान में ही करने लगा चोरी बक्सर लौटने के बाद काजू वर्मा ने यह आपत्तिजनक वीडियो अपने तीन अन्य साथियों—अंकित कुमार, आदित्य कुमार और सन्नी कुमार—के साथ साझा कर दिया. इसके बाद चारों युवकों का गिरोह सक्रिय हो गया. वे वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने और परिजनों को दिखाने की धमकी देकर किशोर को डराने लगे. समाज और परिवार में बदनामी के खौफ से किशोर टूट गया और अपने ही पिता की दुकान से रोजाना तीन से चार हजार रुपये चुपचाप निकालकर आरोपितों की जेब भरने लगा.

स्टांप पेपर पर लिखवाया साढ़े पांच लाख का हिसाब आरोपितों का लालच यहीं नहीं थमा. परिजनों का आरोप है कि बाद में अंकित कुमार ने किशोर पर 5.50 लाख रुपये देने का दबाव बनाया. वसूली को कानूनी जामा पहनाने की नीयत से आरोपितों ने बकायदा स्टांप पेपर पर एक लिखित दस्तावेज भी तैयार करवा लिया. बीते 20 नवंबर 2026 को चारों आरोपितों ने किशोर को एक बार फिर अपने पास बुलाया, उसके साथ दुर्व्यवहार किया और फिर उसे पटना ले जाकर वहीं लावारिस हालत में छोड़कर फरार हो गए.

पुलिस ने शुरू की तफ्तीश पटना में फंसे किशोर की सूचना मिलते ही बदहवास पिता वहां पहुंचे और अपने बेटे को सुरक्षित बक्सर वापस लाए. घर लौटने पर किशोर ने हिम्मत जुटाकर परिजनों को पिछले छह महीनों की पूरी आपबीती सुनाई, जिसे सुनकर परिवार के होश उड़ गए.

"पीड़ित पक्ष की ओर से प्राप्त आवेदन को बेहद गंभीरता से लिया गया है. पुलिस ने मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है. तकनीकी साक्ष्यों और गहन अनुसंधान के आधार पर जल्द ही पूरे मामले की सच्चाई सामने लाई जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी." — मनोज सिंह, नगर थानाध्यक्ष, बक्सर












Post a Comment

0 Comments