शादी की खुशियां मातम में बदलीं, बारात जा रही कार और बाइक की भीषण भिड़ंत में पांच युवकों की मौत की खबर; पुलिस ने की चार की पुष्टि ..

फिलहाल चार मौतों की आधिकारिक पुष्टि करते हुए कहा है कि जांच के बाद ही सही आंकड़ा स्पष्ट हो सकेगा. इस हृदयविदारक घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई.









               




  • चौसा-मोहनिया हाईवे पर सोनपा के समीप अनियंत्रित रफ्तार का कहर, यूपी के गहमर से रामगढ़ बारात जा रहे थे कार सवार.
  • मृतकों में यूपी के तीन और बक्सर के दो युवक शामिल, गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद पटना (PMCH) किया गया रेफर.

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिले के राजपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार को रफ्तार के कहर ने कई घरों के चिराग बुझा दिए. चौसा-मोहनिया मुख्य मार्ग पर सोनपा गांव (महावीर स्थान) के समीप बारात में जा रही एक तेज रफ्तार हुंडई i20 कार और बाइक के बीच हुई आमने-सामने की भीषण टक्कर में पांच युवकों की मौत की सूचना सामने आई है. हालांकि, एसडीपीओ गौरव पांडेय ने फिलहाल चार मौतों की आधिकारिक पुष्टि करते हुए कहा है कि जांच के बाद ही सही आंकड़ा स्पष्ट हो सकेगा. इस हृदयविदारक घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई.





कैसे घटी यह दर्दनाक घटना? जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के गहमर थाना क्षेत्र के भतौरा गांव निवासी पांच युवक i20 कार से कैमूर जिले के रामगढ़ स्थित बिशनपुरा गांव में एक बारात में शामिल होने जा रहे थे. इसी दौरान सोनपा गांव से तीन युवक बाइक पर सवार होकर मुख्य सड़क पर आ रहे थे. महावीर स्थान के पास दोनों वाहनों की गति इतनी तेज थी कि चालकों को संभलने का मौका नहीं मिला और आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी भयावह थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और बाइक के परखच्चे उड़ गए.

मृतकों की हुई शिनाख्त, दो राज्यों के पांच गांवों में पसरा मातम स्थानीय ग्रामीणों और सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले कार सवार युवकों में उत्तर प्रदेश के भतौरा निवासी अरबाज खान, इरफान अंसारी और बादल कुमार ठाकुर शामिल हैं. वहीं, बाइक सवार मृतकों की पहचान सौरी निवासी शुभम व एक अन्य रूप में हुई है. बताया जाता है कि शुभम जलीलपुर में अपने मामा के घर आया हुआ था और उसके साथ बाइक पर शिवम भी सवार था. इस टक्कर में अरुण का दाहिना पैर कटकर अलग हो गया था. हादसे की खबर मिलते ही भतौरा से लेकर ऊतरौली, सौरी और जलीलपुर तक परिजनों में कोहराम मच गया है.

युवा समाजसेवी व पुलिस की तत्परता से अस्पताल पहुंचे घायल दुर्घटना की सूचना मिलते ही पालिया पंचायत के निवासी और 'बी-वॉरियर' (B-Warrior) टीम के शशांक पाण्डेय उर्फ सोनू अविलंब घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने ग्रामीणों के सहयोग से राहत-बचाव कार्य शुरू किया. इसी बीच राजपुर थाने की पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई और घायलों को तुरंत सदर अस्पताल भेजा. हादसे में घायल कार सवार सम्राट कुमार का इलाज सदर अस्पताल में जारी है, जबकि नाजुक हालत को देखते हुए बाइक सवार शिवम समेत अन्य गंभीर घायलों को डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए पटना (PMCH) रेफर कर दिया है.

पुलिस का पक्ष: जांच के बाद स्पष्ट होगी स्थिति इधर, घटना की पुष्टि करते हुए एसडीपीओ गौरव पांडेय ने बताया कि सड़क दुर्घटना में चार लोगों की मृत्यु हुई है. उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस टीम अस्पताल और घटनास्थल से सभी तथ्यों को जुटा रही है. मृतकों और घायलों की वास्तविक संख्या तथा पहचान का सत्यापन किया जा रहा है, जिसके बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ हो पाएगी. पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को जब्त कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है.











Post a Comment

0 Comments