निर्देश दिया कि इन सभी पड़ावों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाए. साथ ही शुद्ध पेयजल, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, स्वच्छ शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता हर हाल में सुनिश्चित की जाए.
- अहिरौली से चरित्रवन तक पांचों पड़ावों पर विशेष स्वच्छता, पेयजल, निर्बाध बिजली और सड़कों की मरम्मत के सख्त निर्देश.
- श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सेहत का रहेगा खास ख्याल, सभी पड़ावों पर मेडिकल टीम और कड़े ट्रैफिक इंतजाम करने का आदेश.
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिले की समृद्ध धार्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक 'पंचकोशी परिक्रमा मेला' को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है. आगामी 29 नवंबर से 03 दिसंबर 2026 तक आयोजित होने वाले इस मेले की तैयारियों को लेकर मंगलवार को समाहरणालय परिसर स्थित कार्यालय कक्ष में जिला पदाधिकारी (डीएम) श्रीमती साहिला की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई.
बैठक में बताया गया कि पांच दिवसीय मेले के दौरान श्रद्धालु परंपरागत पांच पड़ावों— अहिरौली, नदांव, भभुअर, बड़का नुआंव और चरित्रवन में धार्मिक अनुष्ठान व परिक्रमा करेंगे. डीएम ने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी और बक्सर के प्रखंड विकास पदाधिकारी को निर्देश दिया कि इन सभी पड़ावों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाए. साथ ही शुद्ध पेयजल, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, स्वच्छ शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता हर हाल में सुनिश्चित की जाए.
मेले की महत्ता को देखते हुए सभी पांचों पड़ावों पर आकर्षक प्रवेश व निकास द्वार विकसित करने और स्थलों के सौंदर्यीकरण पर विशेष जोर दिया गया है. श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन के लिए मेला स्थलों तक पहुंचने वाले मार्गों और संपर्क पथों की तत्काल मरम्मत व सुदृढ़ीकरण करने को कहा गया है. डीएम ने संबंधित अधिकारियों को इन सभी कार्यों की विस्तृत और समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने तथा नियमित प्रगति प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का सख्त निर्देश दिया है.
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर भी प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. डीएम ने अनुमंडल पदाधिकारी, बक्सर को मेले के दौरान विधि-व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम समय से पूर्व पूरा करने को कहा है. वहीं, सिविल सर्जन को सभी पांचों पड़ावों पर मेडिकल टीम, जीवनरक्षक दवाएं और प्राथमिक उपचार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में श्रद्धालुओं को तुरंत चिकित्सा सहायता मिल सके.
बैठक में मौजूद पंचकोशी परिक्रमा समिति के सदस्यों ने मेले के सुव्यवस्थित आयोजन और धार्मिक स्थलों के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण सुझाव रखे, जिन पर डीएम ने गंभीरता से विचार करते हुए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए. जिला पदाधिकारी ने कहा कि पंचकोशी परिक्रमा बक्सर की सांस्कृतिक विरासत का अहम प्रतीक है. इसे सुरक्षित और सुविधाजनक बनाना प्रशासन की सामूहिक जिम्मेदारी है और पांचों पड़ावों के दीर्घकालिक विकास को भी सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी.








.png)










0 Comments