समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल पूर्व जिला पार्षद एवं अधिवक्ता डॉ. मनोज कुमार यादव ने दोनों प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं.

- पांच अंतरराष्ट्रीय पदक जीतने वाले खिलाड़ी भाई-बहन का गांव में हुआ भव्य सम्मान
- सदर प्रखंड के कम्हरिया के निवासी हैं दोनों भाई-बहन संयुक्त अरब अमीरात में एशियन बायथल/ट्रायथल लेजर रन चैंपियनशिप में किया शानदार प्रदर्शन
बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : सदर प्रखंड अंतर्गत ग्राम कम्हरिया के दो होनहार भाई-बहनों ने अपनी असाधारण प्रतिभा के दम पर अंतरराष्ट्रीय खेल जगत में बक्सर सहित पूरे बिहार का नाम गौरवान्वित किया है. कम्हरिया निवासी चंदन कुमार साहनी और उनकी बहन चांदनी कुमारी ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में आयोजित 15वीं एएमपीसी एशियन बायथल/ट्रायथल/लेजर रन चैंपियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल पांच पदक अपने नाम किए हैं. इस ऐतिहासिक सफलता के उपलक्ष्य में ग्राम कम्हरिया में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन कर दोनों खिलाड़ियों का जोरदार स्वागत किया गया.
इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में बहन चांदनी कुमारी ने दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीतकर अपनी श्रेष्ठता साबित की, वहीं भाई चंदन कुमार साहनी ने भी कड़े मुकाबले में दो रजत पदक हासिल कर अपनी मेहनत और समर्पण का लोहा मनवाया. समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल पूर्व जिला पार्षद एवं अधिवक्ता डॉ. मनोज कुमार यादव ने दोनों प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं.
इस अवसर पर खिलाड़ियों के माता-पिता को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया. डॉ. यादव ने कहा कि बच्चों की सफलता के पीछे माता-पिता का त्याग, संघर्ष और आशीर्वाद सबसे बड़ी ताकत होती है. उन्होंने कहा कि आज चंदन और चांदनी ने यह साबित कर दिया है कि प्रतिभा किसी परिचय की मोहताज नहीं होती. गांव की मिट्टी से निकलकर अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का परचम लहराना पूरे जिले के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है.
समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. मनोज कुमार यादव ने बक्सर के जिला पदाधिकारी से आग्रह किया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले का मान बढ़ाने वाले इन दोनों खिलाड़ियों को जिला प्रशासन की ओर से विशेष रूप से सम्मानित किया जाए, ताकि अन्य युवाओं को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिले. साथ ही, उन्होंने बिहार सरकार से भी अनुरोध किया कि इन खिलाड़ियों की असाधारण उपलब्धि को देखते हुए इन्हें सरकारी नौकरी प्रदान करने की दिशा में आवश्यक पहल की जाए, जिससे इनका भविष्य सुरक्षित हो सके.
कार्यक्रम का संचालन नवीन राय ने किया. इस अवसर पर मुख्य रूप से जंग बहादुर चौधरी, वशिष्ठ चौधरी, रिंकू शुक्ला, राजेंद्र चौधरी, मार्कंडेय सिंह, लाल बहादुर चौधरी, नंदकिशोर चौधरी, सी.टी. राय, सुशील चौरसिया, विश्वकर्मा यादव, विजय शंकर यादव, दयाल शुक्ला, भरत पांडेय, ओम प्रकाश यादव, दिलबहार चौधरी और विजय कुमार राम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व गणमान्य लोग उपस्थित रहे.







.png)










0 Comments