कहा कि केवल बाहरी वेशभूषा या तिलक-छाप धारण कर लेने से कोई धर्माचार्य या संन्यासी नहीं हो जाता, अन्यथा कालनेमि, रावण और राहु को भी इसी श्रेणी में रखना पड़ेगा. इसके विपरीत, शास्त्रों के ज्ञान से शून्य होने पर भी यदि कोई व्यक्ति सदाचारी है, तो वेद उसे ही वास्तविक धर्मात्मा और विद्वान मानते हैं.

- पौराणिक सिद्धाश्रम धाम से जारी विशेष चिंतन लेख में कहा— ‘शास्त्रीय विधि को ताक पर रखकर किए जा रहे विवाह और सामूहिक आयोजनों से नष्ट हो रही निष्कलंक कुल परंपरा’
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : आधुनिकता की चकाचौंध, पद-प्रतिष्ठा और सस्ती लोकप्रियता की होड़ में आज सनातन धर्म के मूल संस्कारों और वैदिक मर्यादाओं का खुलेआम उल्लंघन हो रहा है. पौराणिक सिद्धाश्रम धाम, बक्सर के विद्वान आचार्य कृष्णानंद शास्त्री पौराणिक जी ने एक विशेष वैचारिक लेख जारी कर इस प्रवृत्ति पर गहरी चिंता व्यक्त की है. उन्होंने सनातन धर्मानुयायियों को आगाह करते हुए कहा है कि यदि समय रहते समाज नहीं चेता, तो वेद विरुद्ध आचरण के कारण निष्कलंक उच्च कुल भी कलंकित होकर पतन की ओर चले जाएंगे.
बाहरी वेशभूषा नहीं, सदाचार ही है धर्म का वास्तविक आधार आचार्य कृष्णानंद शास्त्री जी ने धर्मशास्त्रों का प्रमाण देते हुए स्पष्ट किया है कि सनातन धर्म का निवास मनुष्य के सदाचार में होता है. शास्त्रों की दृष्टि में आचरणहीन व्यक्ति भौतिक रूप से कितना भी बड़ा या विद्वान क्यों न हो, वह अधम ही माना जाता है. उन्होंने ‘आचार प्रभवो धर्म:’ और ‘योऽसौ क्रियावान स एव विद्वान’ जैसे वैदिक सिद्धांतों का उल्लेख करते हुए कहा कि केवल बाहरी वेशभूषा या तिलक-छाप धारण कर लेने से कोई धर्माचार्य या संन्यासी नहीं हो जाता, अन्यथा कालनेमि, रावण और राहु को भी इसी श्रेणी में रखना पड़ेगा. इसके विपरीत, शास्त्रों के ज्ञान से शून्य होने पर भी यदि कोई व्यक्ति सदाचारी है, तो वेद उसे ही वास्तविक धर्मात्मा और विद्वान मानते हैं.
यश और कीर्ति के लोभ में हो रही संस्कारों की बलि लेख में वर्तमान सामाजिक व्यवस्था पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा गया है कि आज सनातन धर्म को मानने वाले ही वर्ण धर्म, आश्रम धर्म और षोडश संस्कारों को नष्ट करने पर तुले हुए हैं. श्रुति और स्मृति द्वारा प्रतिपादित सोलह संस्कारों में ‘यज्ञोपवीत’ (जनेऊ) और ‘विवाह’ ऐसे दो प्रमुख संस्कार हैं, जो कुल और वंश परंपरा को सुसमृद्ध करते हैं. किंतु आज धन, यश और कीर्ति के लोभ में विवाह यज्ञ और यज्ञोपवीत यज्ञ को ‘सामूहिक विवाह’ और ‘सामूहिक यज्ञोपवीत’ जैसे शास्त्र-विरुद्ध आयोजनों में बदल दिया गया है.
आचार्य जी ने इस बात पर गहरा दुख व्यक्त किया कि जिन धर्माचार्यों, संन्यासियों, त्रिदण्डियों, कथावाचकों, जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों पर धर्म की रक्षा व समाज के मार्गदर्शन का दायित्व है, वे ही भौतिक लाभ और ख्याति के लिए इन अशास्त्रीय आयोजनों को बढ़ावा दे रहे हैं और स्वयं के परिवारों में भी यही आचरण कर रहे हैं.
मनुस्मृति, गीता और रामचरितमानस के माध्यम से समझाया ‘कुविवाह’ का दुष्परिणाम मनुस्मृति (03-63) का श्लोक उद्धृत करते हुए आचार्य शास्त्री ने बताया कि वेद-विधि से हीन विवाह करने, वेदों का अध्ययन न करने और कर्मनिष्ठ ब्राह्मणों का अपमान करने से कुल में अकुलीनता का दोष उत्पन्न होता है.
- क्या है कुविवाह: शास्त्रों की वैदिक विधि के प्रतिकूल जाकर केवल जयमाला, रिंग सेरेमनी, कोर्ट मैरिज, स्वगोत्रीय (समान गोत्र), मातृ-पितृ गोत्रीय अथवा अंतरजातीय विवाह करना 'कुविवाह' की श्रेणी में आता है.
- देव और पितरों का पलायन: आचार्य जी के अनुसार, कुलधर्म के नष्ट होने से घर में पाप की वृद्धि होती है और परिवार के सदस्य दूषित हो जाते हैं. ऐसे दूषित हाथों से दी गई किसी भी वस्तु को देवता और पितर स्वीकार नहीं करते. जिस घर से देव और पितर विमुख होकर पलायन कर जाते हैं, वह घर नहीं बल्कि श्मशान के समान हो जाता है. इसके समर्थन में उन्होंने श्रीरामचरितमानस की चौपाई ‘जीवत सव सम चौदह प्राणी’ और श्रीमद्भगवद्गीता के श्लोकों का भी प्रमाण दिया है.
वंश की रक्षा के लिए ब्राह्म विवाह ही एकमात्र मार्ग लेख के माध्यम से स्पष्ट किया गया है कि श्रुति-स्मृति के प्रतिकूल आचरण करने वाले लोगों के कुल में धर्म-कर्म का लोप हो जाता है, जिससे पीढ़ी दर पीढ़ी पितरों का पतन होता है. भगवान भी शास्त्र की आज्ञा का उल्लंघन करने वाले को अपना शत्रु मानते हैं.
सिद्धाश्रम धाम से समस्त समाज को विशेष संदेश अंत में, पौराणिक सिद्धाश्रम धाम, बक्सर की ओर से आचार्य कृष्णानंद शास्त्री पौराणिक जी ने समस्त वैदिक सनातन धर्मानुयायियों से विनम्र अपील की है कि यदि वे अपना आत्म-कल्याण चाहते हैं और अपने निष्कलंक उच्च कुल को कलंकित होने से बचाना चाहते हैं, तो आधुनिक दिखावे के विवाहों का पूर्णतः त्याग करें. समाज के प्रत्येक व्यक्ति को चाहिए कि वह विवाह व अन्य सभी संस्कारों को पूर्णतः शास्त्रीय विधि-विधान (ब्राह्म विवाह पद्धति) के अनुसार ही संपन्न कराए, क्योंकि इसी में मानव समाज और सनातन धर्म की वास्तविक प्रतिष्ठा निहित है.







.png)










0 Comments