डुमरांव अस्पताल की बदहाली पर 6 दिसंबर से अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी ..

आवेदन देकर 6 दिसंबर को संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अम्बेडकर की पुण्यतिथि के अवसर से अनिश्चितकालीन धरना देने की अनुमति मांगी है. यह धरना शहीद स्मारक पार्क के पास प्रस्तावित है.










  • उद्घाटन के बावजूद मदर न्यू बॉर्न केयर यूनिट ठप, ऑपरेशन और ब्लड बैंक जैसी बुनियादी सुविधाएं नदारद
  • डॉक्टर-नर्स की कथित गैरहाजिरी और सदर अस्पताल के आईसीयू बंद होने का मुद्दा भी उठा

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर: अनुमंडलीय अस्पताल डुमरांव की लचर स्वास्थ्य व्यवस्था और सुविधाओं के अभाव के खिलाफ अब आंदोलन की तैयारी तेज हो गई है. नंदन निवासी सामाजिक कार्यकर्ता सह आरटीआई कार्यकर्ता हरे कृष्णा सिंह उर्फ कृष्णा यादव ने अनुमंडल पदाधिकारी डुमरांव को आवेदन देकर 6 दिसंबर को संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अम्बेडकर की पुण्यतिथि के अवसर से अनिश्चितकालीन धरना देने की अनुमति मांगी है. यह धरना शहीद स्मारक पार्क के पास प्रस्तावित है.

आवेदन में उठाए गए प्रमुख मुद्दे

आवेदन के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग और अस्पताल प्रबंधन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए गए हैं.

  • उद्घाटन के बावजूद सेवा ठप: बताया गया है कि अनुमंडलीय अस्पताल में 20 बेड का 'मदर न्यू बॉर्न केयर यूनिट' तैयार था और इसका उद्घाटन 5 अगस्त 2025 को कर दिया गया, लेकिन अब तक इससे किसी जरूरतमंद मां या नवजात शिशु को लाभ नहीं मिल सका है.
  • जांच और ऑपरेशन की सुविधा का अभाव: अस्पताल में सभी जरूरतमंदों के लिए अल्ट्रासाउंड सेवा को सुचारू रूप से चालू करने, सिजेरियन, हाइड्रोसील व हर्निया के ऑपरेशन शुरू करने तथा ब्लड बैंक की व्यवस्था कराने की मांग की गई है, ताकि गरीब और जरूरतमंद मरीजों को निजी अस्पतालों के शोषण से बचाया जा सके.
  • ड्यूटी से गायब रहने और हाजिरी का आरोप: आवेदन में आरोप लगाया गया है कि अस्पताल में चिकित्सक और नर्सिंग स्टाफ ड्यूटी से गायब रहते हैं, इसके बावजूद उनकी उपस्थिति दर्ज होती है. मामले में अस्पताल प्रशासन पर निजी लाभ लेने का आरोप लगाते हुए इसकी जांच की मांग की गई है.

सदर अस्पताल के आईसीयू का भी दिया हवाला

सामाजिक कार्यकर्ता ने आवेदन में बक्सर सदर अस्पताल की स्थिति का भी जिक्र किया है. उनके अनुसार, 15 फरवरी 2025 को मुख्यमंत्री की 'प्रगति यात्रा' के मद्देनजर उन्होंने सदर अस्पताल में तैयार 10 बेड के आईसीयू को चालू कराने की मांग उठाई थी. इसके बाद 14 फरवरी 2025 को संचालन का आदेश दिया गया, लेकिन यात्रा के बाद मानव बल और उपकरणों की कमी का हवाला देकर इसे बंद कर दिए जाने की बात सामने आई.

आवेदनकर्ता ने लोकहित और आमजन की बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए धरना स्थल पर सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधा के साथ अनुमति प्रदान करने का अनुरोध किया है.


















Post a Comment

0 Comments