वीडियो : चौसा थर्मल से बक्सर के विकास को नई ऊर्जा, प्रधानमंत्री ने किया 660 मेगावाट की दूसरी यूनिट का शुभारंभ ..

दूसरी इकाई के शुभारंभ के साथ ही अब परियोजना की दोनों इकाइयों की कुल स्थापित उत्पादन क्षमता 1320 मेगावाट हो गई है. खास बात यह रही कि इसी आयोजन के दौरान बक्सर जिले को उद्योग, बिजली, शिक्षा, पशुपालन और आवास के क्षेत्र में भी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की सौगात मिली.








               






  • चौसा प्लांट परिसर में हुआ प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण, डीडीसी निहारिका छवि समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
  • नावानगर में 125 एकड़ में बनेगा विशेष आर्थिक क्षेत्र, बिजली, शिक्षा, पशुपालन और आवास की परियोजनाओं को भी मिली गति

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिले लिए शनिवार का दिन ऊर्जा और औद्योगिक विकास के लिहाज से महत्वपूर्ण रहा. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बिहार दौरे के दौरान वर्चुअल माध्यम से चौसा स्थित बक्सर ताप विद्युत परियोजना की दूसरी 660 मेगावाट क्षमता वाली इकाई का शुभारंभ किया और इसे राष्ट्र को समर्पित किया. इस अवसर पर चौसा थर्मल पावर प्लांट परिसर में कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया. दूसरी इकाई के शुभारंभ के साथ ही अब परियोजना की दोनों इकाइयों की कुल स्थापित उत्पादन क्षमता 1320 मेगावाट हो गई है. खास बात यह रही कि इसी आयोजन के दौरान बक्सर जिले को उद्योग, बिजली, शिक्षा, पशुपालन और आवास के क्षेत्र में भी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की सौगात मिली.

करीब 14 हजार करोड़ रुपये के निवेश से तैयार इस विशाल बिजली परियोजना की दोनों इकाइयां 660-660 मेगावाट क्षमता की हैं. आधुनिक सुपरक्रिटिकल तकनीक पर आधारित यह संयंत्र बिहार की विद्युत आवश्यकताओं की पूर्ति और देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूती देने के उद्देश्य से स्थापित किया गया है. इससे बिजली उत्पादन के साथ क्षेत्र में औद्योगिक एवं व्यावसायिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है.

चौसा में डीडीसी समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

चौसा थर्मल प्लांट परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डीडीसी निहारिका छवि शामिल हुईं. उनके साथ जिला भू-अर्जन पदाधिकारी विनीत कुमार, पूर्व विधायक संजय कुमार तिवारी उर्फ मुन्ना तिवारी, राजपुर के पूर्व विधायक विश्वनाथ राम, प्रखंड प्रमुख सुनीता देवी, जिला परिषद सदस्य पूजा देवी, चौसा नगर पंचायत की मुख्य पार्षद किरण देवी, पूर्व जिला परिषद सदस्य डॉ मनोज यादव, पूर्व जिला परिषद सदस्य बसंती देवी उर्फ बुचिया देवी, आरएंडआर कमेटी के सदस्य सिकंदर सिंह तथा मुख्यालय डीएसपी मौजूद रहे. मुफस्सिल थानाध्यक्ष शंभू भगत और राजपुर थानाध्यक्ष निवास कुमार भी कार्यक्रम में शामिल हुए.

एसटीपीएल के सीईओ पुलक मुखोपाध्याय, एचआर हेड मितेश कुमार, संजीव कुमार, जनरल मैनेजर विकास महाजन, विवेक, शिव प्रसाद और बीआर कश्यप समेत परियोजना के अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे. परियोजना प्रबंधन की ओर से कहा गया कि चौसा विद्युत स्टेशन केवल एक औद्योगिक प्रतिष्ठान नहीं, बल्कि क्षेत्र की समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य से जुड़ी महत्वपूर्ण पहल है.

दोनों इकाइयों पर खर्च हुए करीब 14 हजार करोड़ रुपये

एसटीपीएल के सीईओ पुलक मुखोपाध्याय ने परियोजना की पृष्ठभूमि की जानकारी देते हुए बताया कि प्लांट की पहली इकाई पिछले वर्ष शुरू हुई थी, जबकि दूसरी इकाई का वाणिज्यिक संचालन 12 सितंबर को प्रारंभ हो गया था. लगभग 14 हजार करोड़ रुपये के निवेश से इस विशाल बिजली परियोजना की स्थापना की गई है. दोनों इकाइयों पर करीब सात-सात हजार करोड़ रुपये खर्च हुए हैं.

उन्होंने बताया कि फिलहाल कोयले की आपूर्ति अस्थायी व्यवस्था के तहत हो रही है, जिसे स्थायी और सुचारू बनाना जरूरी है. उन्होंने कहा कि दोनों इकाइयों के नियमित संचालन से ऋण पर ब्याज का बोझ कम होगा और परियोजना की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी.

मुनाफे के हर 100 करोड़ पर स्थानीय विकास के लिए मिलेंगे 2 करोड़

सीईओ ने स्थानीय विकास में परियोजना की भूमिका पर भी महत्वपूर्ण जानकारी दी. उन्होंने बताया कि यह सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी है और इसके मुनाफे का लाभ स्थानीय क्षेत्र को भी मिलेगा. नियमानुसार प्रत्येक 100 करोड़ रुपये के मुनाफे पर दो करोड़ रुपये सीएसआर के तहत उसी वर्ष स्थानीय विकास कार्यों पर खर्च किए जाएंगे. इससे क्षेत्र में जनकल्याणकारी योजनाओं, बुनियादी सुविधाओं और विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है.

कार्यक्रम में मौजूद पूर्व विधायक संजय कुमार तिवारी उर्फ मुन्ना तिवारी ने परियोजना को जिले के लिए बड़ी सौगात बताते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में नए संसाधनों का विकास होगा और स्थानीय बेरोजगारी कम करने में मदद मिलेगी. वहीं, चौसा नगर पंचायत की मुख्य पार्षद किरण देवी ने दूसरी इकाई शुरू होने पर प्रसन्नता जताते हुए इसे नगर पंचायत के लिए बड़ी उपलब्धि बताया. उन्होंने कहा कि यहां उत्पादित बिजली पूरे बिहार को मिलेगी और इससे क्षेत्र में विकास की नई संभावनाएं बनेंगी.

नावानगर में 125 एकड़ में विकसित होगा विशेष आर्थिक क्षेत्र, डीएम-एसपी रहे मौजूद

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिले में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए नावानगर औद्योगिक क्षेत्र में 125 एकड़ भूमि पर विशेष आर्थिक क्षेत्र विकसित किया जा रहा है. इस परियोजना की एकरारनामा राशि 109.0143 करोड़ रुपये है. इससे औद्योगिक निवेश आकर्षित होने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है.

नावानगर औद्योगिक विकास क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में डीएम साहिला और एसपी शुभम आर्य मौजूद रहे. दोनों अधिकारियों की मौजूदगी में औद्योगिक विकास से जुड़ी इस पहल को जिले की आर्थिक गतिविधियों के विस्तार के लिहाज से महत्वपूर्ण माना गया.

56 गांवों के 11,500 परिवारों को मिलेगी बेहतर बिजली

ऊर्जा के क्षेत्र में छोटका सिंघनपुरा में 12.67 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 33/11 केवी पावर सब-स्टेशन का उद्घाटन किया गया. यहां 10-10 एमवीए के दो ट्रांसफॉर्मर स्थापित किए गए हैं. इससे 56 गांवों के लगभग 11,500 परिवारों को बेहतर और विश्वसनीय बिजली आपूर्ति का लाभ मिलेगा.

9.47 करोड़ से बने तीन विद्यालय भवन, छात्राओं को भी होगा लाभ

शिक्षा के क्षेत्र में 9.47 करोड़ रुपये की लागत से तीन विद्यालय भवनों का निर्माण पूरा हुआ है. इनमें नावानगर प्रखंड का +2 उत्क्रमित उच्च विद्यालय परसागण्डा, इटाढ़ी का उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय बड़कागांव और सिमरी का +2 उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय ढकाईच शामिल हैं. इन भवनों से विद्यार्थियों को कक्षा 9 से 12 तक की पढ़ाई स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी. विशेषकर छात्राओं को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है.

गोकुल ग्राम में 500 मादा पशुओं से तैयार होंगी उन्नत नस्ल की बछियां

पशुपालन के क्षेत्र में डुमरांव स्थित गोकुल ग्राम में 37.043 करोड़ रुपये की लागत से हीफर पालन केंद्र स्थापित किया जाएगा. यहां 500 मादा पशुओं के माध्यम से आइवीएफ और सेक्स-सॉर्टेड सीमेन तकनीक से उच्च आनुवंशिक गुणवत्ता वाली बछियों का उत्पादन होगा. इससे पशुपालकों को उन्नत नस्ल के पशु उपलब्ध कराने और दुग्ध उत्पादन बढ़ाने में मदद मिलेगी. इस योजना का क्रियान्वयन कॉम्फेड, पटना द्वारा किया जाएगा.

113 लाभुकों को आवास की सौगात, 10 को सौंपी गई चाबी

आवास के क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 113 लाभुकों में से सांकेतिक रूप से 10 लाभुकों को नवनिर्मित आवास की चाबी सौंपी गई. इससे लाभुक परिवारों को अपना पक्का घर मिलने का सपना साकार करने में मदद मिली.

इस तरह एक ही कार्यक्रम के माध्यम से जिले में ऊर्जा, उद्योग, शिक्षा, पशुपालन और आवास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण पहलों को आगे बढ़ाया गया. चौसा थर्मल की दूसरी इकाई का शुभारंभ इस पूरे आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहा. अब उम्मीद है कि 1320 मेगावाट की बिजली उत्पादन क्षमता के साथ चौसा की पहचान ऊर्जा क्षेत्र में मजबूत होगी और नावानगर का औद्योगिक क्षेत्र बक्सर में निवेश तथा रोजगार के नए रास्ते खोलेगा.












Post a Comment

0 Comments