प्रणव चटर्जी कॉलेज के विकास को मिलेगी नई रफ्तार : विधायक की अध्यक्षता में शासी निकाय की अहम बैठक ..

बैठक में अनुदान के त्वरित वितरण, कर्मियों की वेतन वृद्धि तथा शिक्षक और शिक्षकेतर कर्मचारियों को मिलने वाले अन्य आवश्यक लाभों को जल्द से जल्द प्रदान करने पर विशेष जोर दिया गया.

 







               




  • अनुदान वितरण, वेतन वृद्धि और शिक्षकेतर कर्मियों के लंबित लाभों को शीघ्र देने पर बनी सहमति.
  • छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए कॉलेज में पुस्तकालय, वाचनालय और खेल सुविधाएं होंगी आधुनिक.

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : नगर के प्रतिष्ठित प्रणव चटर्जी महाविद्यालय के कायाकल्प और शैक्षणिक सुधारों को लेकर एक बड़ा कदम उठाया गया है. वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय, आरा के कुलसचिव कार्यालय से जारी निर्देश के आलोक में महाविद्यालय की शासी निकाय (गवर्निंग बॉडी) की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बक्सर विधानसभा क्षेत्र संख्या 200 के विधायक एवं जनप्रतिनिधि आनंद मिश्र की अध्यक्षता में हुई यह बैठक अत्यंत सौहार्दपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुई.

शासी निकाय के सचिव सुरेंद्र सिंह, प्रभारी प्राचार्य प्रो. डॉ. महेश दत्त सिंह और शिक्षक प्रतिनिधि प्रो. सुशील कुमार सिंह के सानिध्य में बैठक का शांतिपूर्ण संचालन किया गया. इस दौरान कॉलेज की प्रशासनिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के साथ-साथ कर्मचारियों के लंबित मुद्दों पर गंभीरता से मंथन हुआ. बैठक में अनुदान के त्वरित वितरण, कर्मियों की वेतन वृद्धि तथा शिक्षक और शिक्षकेतर कर्मचारियों को मिलने वाले अन्य आवश्यक लाभों को जल्द से जल्द प्रदान करने पर विशेष जोर दिया गया.

बैठक को संबोधित करते हुए प्रभारी प्राचार्य प्रो. डॉ. महेश दत्त सिंह ने उम्मीद जताई कि विधायक आनंद मिश्र के कुशल नेतृत्व और सहयोग से महाविद्यालय के सभी अधूरे पड़े विकास कार्य अब तेजी से पूरे होंगे. उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए कॉलेज में वाचनालय, पुस्तकालय और खेलकूद की सुविधाओं को सुदृढ़ बनाया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए बेहतर शैक्षणिक माहौल मिल सके.

अंत में सभी सदस्यों ने महाविद्यालय को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए एकजुट होकर काम करने का संकल्प लिया. इस अवसर पर प्रो. संतोष कुमार, प्रो. डॉ. शिवजी पांडे, प्रो. डॉ. चक्रपाणि मिश्रा और प्रो. डॉ. कमलेश कुमार सहित महाविद्यालय परिवार के कई वरिष्ठ सदस्य प्रमुख रूप से मौजूद रहे.











Post a Comment

0 Comments