सपनों के आशियाने की ओर पहला कदम: बक्सर में 42 भूमिहीन परिवारों को मिली आवासीय जमीन!

इस योजना से लाभान्वित होने वाले 42 परिवारों में मुख्य रूप से पासवान, गोंड, कमर, नट और कुशवाहा समुदाय के लोग शामिल हैं. इन परिवारों के पास अब तक अपना घर बनाने के लिए निजी जमीन नहीं थी.







               





- सदर प्रखंड की विभिन्न पंचायतों के गरीब परिवारों को प्रशासन ने दिया वास भूमि का पर्चा, दशकों पुराना इंतजार हुआ खत्म

- महिला सशक्तिकरण पर प्रशासन का जोर—अधिकतर परिवारों में महिलाओं के नाम पर की गई जमीन की बंदोबस्ती

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिला प्रशासन की एक बड़ी और सराहनीय पहल के तहत सदर प्रखंड की विभिन्न पंचायतों के 42 भूमिहीन परिवारों को घर बनाने के लिए आवासीय जमीन उपलब्ध कराई गई है. इस ऐतिहासिक कदम से दशकों से अपनी खुद की छत का इंतजार कर रहे गरीब और बेसहारा परिवारों को बड़ी राहत मिली है.

सदर अंचलाधिकारी (CO) राहुल शंकर ने बताया कि इस जमीन आवंटन प्रक्रिया की सबसे खास बात यह रही कि अधिकतर परिवारों को जमीन की बंदोबस्ती महिलाओं के नाम पर की गई है. प्रशासन का मानना है कि इससे न केवल महिलाओं को संपत्ति में सीधा मालिकाना हक मिलेगा, बल्कि समाज और परिवार में उनकी आर्थिक व सामाजिक स्थिति भी मजबूत होगी.

जानकारी के अनुसार, इस योजना से लाभान्वित होने वाले 42 परिवारों में मुख्य रूप से पासवान, गोंड, कमर, नट और कुशवाहा समुदाय के लोग शामिल हैं. इन परिवारों के पास अब तक अपना घर बनाने के लिए निजी जमीन नहीं थी, लेकिन प्रशासन की इस पहल से अब इनके पक्के मकान का सपना साकार होने की उम्मीद जगी है.

जमीन का मालिकाना हक मिलते ही लाभार्थी परिवारों में खुशी की लहर दौड़ गई. सभी लाभार्थियों ने सरकार, राजस्व विभाग और विशेष रूप से सदर अंचलाधिकारी राहुल शंकर के प्रति आभार जताते हुए कहा कि प्रशासन की इस संवेदनशीलता से उनके वर्षों पुराने सपने को नई उड़ान मिली है.












Post a Comment

0 Comments