मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में इस महत्वाकांक्षी परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने और विशेषज्ञ सलाहकारों (ट्रांजैक्शन एडवाइजर) की नियुक्ति के लिए 66.58 करोड़ रुपये (6658.19 लाख) स्वीकृत किए गए हैं.

- कैबिनेट ने डीपीआर और सलाहकारों के लिए मंजूर किए 66.58 करोड़ रुपये लगभग 336 किलोमीटर लंबे इस ग्रीनफील्ड
- कॉरिडोर से जुड़ेंगे बिहार के 13 जिले; पूर्वांचल और रक्सौल-हल्दिया एक्सप्रेसवे से होगा सीधा संपर्क
बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : बिहार के आधारभूत ढांचे और सड़क संपर्क को नई ऊंचाई देने वाली 'बक्सर-भागलपुर 6-लेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे' परियोजना को बुधवार को राज्य कैबिनेट से बड़ी प्रशासनिक मंजूरी मिल गई है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में इस महत्वाकांक्षी परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने और विशेषज्ञ सलाहकारों (ट्रांजैक्शन एडवाइजर) की नियुक्ति के लिए 66.58 करोड़ रुपये (6658.19 लाख) स्वीकृत किए गए हैं.
लगभग 336 किलोमीटर लंबे और पूरी तरह से एक्सेस-कंट्रोल्ड इस एक्सप्रेसवे का निर्माण 'बिहार स्टेट रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड' (BSRDCL) द्वारा पीपीपी (DBFOT-टोल) मोड पर कराया जाएगा. इस परियोजना के धरातल पर उतरने से सबसे बड़ा और निर्णायक लाभ बक्सर और पूरे शाहाबाद क्षेत्र को मिलने जा रहा है.
बक्सर को मिलने वाले प्रमुख फायदे:
- देश के सबसे बड़े आर्थिक गलियारे का मुख्य प्रवेश द्वार: यह एक्सप्रेसवे पश्चिम में उत्तर प्रदेश के 'पूर्वांचल एक्सप्रेसवे' और पूर्व में प्रस्तावित 'रक्सौल-हल्दिया एक्सप्रेसवे' को जोड़ेगा. इससे बक्सर सीधे तौर पर 'दिल्ली-लखनऊ-बक्सर-भागलपुर-हल्दिया कॉरिडोर' का एक प्रमुख जंक्शन बन जाएगा. यानी बक्सर से दिल्ली, लखनऊ और कोलकाता-हल्दिया बंदरगाह तक का सफर बेहद कम समय में और बिना किसी रुकावट के पूरा हो सकेगा.
- कृषि और धान के कटोरे को बड़ा बाजार: बक्सर और शाहाबाद क्षेत्र कृषि प्रधान है. इस हाई-स्पीड कॉरिडोर के बनने से बक्सर के किसानों की उपज, सब्जियां और अनाज सीधे पूर्वी बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल की बड़ी मंडियों तक कम समय और कम ढुलाई लागत में पहुंच सकेंगे.
- लॉजिस्टिक्स, वेयरहाउसिंग और उद्योगों को बढ़ावा: दो बड़े अंतरराज्यीय एक्सप्रेसवे (पूर्वांचल और रक्सौल-हल्दिया) का मिलन बिंदु होने के कारण बक्सर के आसपास वेयरहाउसिंग, कोल्ड स्टोरेज, लॉजिस्टिक्स हब और कृषि आधारित उद्योगों में बड़े निवेश की संभावनाएं खुलेंगी.
- सफर के समय में भारी बचत और पर्यटन को गति: अभी बक्सर से पूर्वी बिहार के जिलों जैसे मुंगेर, बांका या भागलपुर जाने में घंटों का समय लगता है. एक्सेस-कंट्रोल्ड 6-लेन सड़क बनने से यह दूरी महज कुछ घंटों में सिमट जाएगी. इसके अलावा बक्सर के ऐतिहासिक और धार्मिक पर्यटन स्थलों पर दूसरे राज्यों और पूर्वी बिहार से आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ेगी, जिससे स्थानीय होटल, परिवहन और छोटे कारोबारियों को सीधा लाभ होगा.
- स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार: परियोजना के निर्माण कार्य के दौरान और इसके पूरा होने के बाद एक्सप्रेसवे के किनारे विकसित होने वाले औद्योगिक क्लस्टर, पेट्रोल पंप, फूड प्लाजा और ट्रांसपोर्ट सेक्टर में स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के हजारों नए अवसर पैदा होंगे.
इन 13 जिलों से होकर गुजरेगा एक्सप्रेसवे सरकार द्वारा तय किए गए रूट के अनुसार, यह ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे बक्सर से शुरू होकर भोजपुर, अरवल, जहानाबाद, गया, नालंदा (राजगीर), नवादा, शेखपुरा, लखीसराय, जमुई (सिकंदरा), मुंगेर (भीमबांध के नजदीक) और बांका होते हुए भागलपुर तक जाएगा. बक्सर के सांसद सुधाकर सिंह ने भी इस मंजूरी पर खुशी जताते हुए कहा कि उन्होंने लोकसभा में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था और यह फैसला बक्सर व शाहाबाद के विकास में मील का पत्थर साबित होगा.
डीपीआर तैयार होने के बाद भूमि अधिग्रहण, परियोजना की कुल अनुमानित लागत और निर्माण कार्य शुरू होने की समयसीमा स्पष्ट हो जाएगी.







.png)










0 Comments