बक्सर में 10 रुपये में मिलेगा भरपेट भोजन, रैन बसेरा में शुरू हुई ‘माई की रसोई’ ..

नगर परिषद सभापति कमरून निशा के संयोजन में समाजसेवी ओम जी यादव और सुमित मानसिंहका की पहल पर शुरू हुई इस रसोई का उद्घाटन सीताराम विवाह महोत्सव आश्रम के महंत राजाराम शरण दास जी महाराज ने फीता काटकर किया. 




                           



  • दोपहर 12 से 1 बजे तक जरूरतमंदों को मिलेगा खाना, ओम जी यादव और सुमित मानसिंहका ने संभाली जिम्मेदारी
  • रेलवे स्टेशन पर रात में रोटी बैंक से मिल रहा निःशुल्क भोजन, अब दिन में भी भूखों का सहारा बनेगी नई पहल 

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : शहर के किला मैदान के समीप नगर परिषद द्वारा संचालित रैन बसेरा परिसर में बुधवार को जरूरतमंदों के लिए ‘माई की रसोई’ की शुरुआत की गई. अब यहां प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से 1 बजे तक महज 10 रुपये में भरपेट भोजन उपलब्ध कराया जाएगा. नगर परिषद सभापति कमरून निशा के संयोजन में समाजसेवी ओम जी यादव और सुमित मानसिंहका की पहल पर शुरू हुई इस रसोई का उद्घाटन सीताराम विवाह महोत्सव आश्रम के महंत राजाराम शरण दास जी महाराज ने फीता काटकर किया.

उद्घाटन के बाद महंत ने रसोई परिसर का निरीक्षण किया और भोजन व्यवस्था की जानकारी ली. उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए इसे जरूरतमंदों की सेवा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया.

दिन में भोजन के लिए भटकने वालों को मिलेगा सहारा

समाजसेवी ओम जी यादव ने बताया कि बक्सर के नागरिकों के सहयोग और आशीर्वाद से रेलवे स्टेशन पर रोटी बैंक के माध्यम से प्रतिदिन रात में जरूरतमंदों को निःशुल्क भोजन कराया जा रहा है. इस दौरान ऐसे कई लोग भी नजर आए, जिन्हें दिन में भोजन के लिए भटकना पड़ता है. इसी जरूरत को देखते हुए ‘माई की रसोई’ शुरू करने की योजना बनाई गई.

उन्होंने कहा कि प्रयास है कि कोई भी जरूरतमंद भूखा न रहे और उसे सम्मान के साथ भोजन मिल सके. महज 10 रुपये में भरपेट भोजन की व्यवस्था इसी उद्देश्य से की गई है.

‘भूखे को भोजन कराना सबसे बड़ी सेवा’

महंत राजाराम शरण दास जी महाराज ने कहा कि भूखे व्यक्ति को भोजन उपलब्ध कराने से बड़ी सेवा कोई नहीं है. जरूरतमंदों तक भोजन पहुंचाना सीधे तौर पर मानव सेवा से जुड़ा कार्य है. उन्होंने ‘माई की रसोई’ को समाज के लिए प्रेरणादायक पहल बताया.

नगर परिषद सभापति कमरून निशा ने कहा कि जरूरतमंदों के लिए भोजन की व्यवस्था करना उनकी चुनावी कार्ययोजना में शामिल था. समाजसेवी ओम जी यादव और सुमित मानसिंहका के सहयोग से अब इस योजना को धरातल पर उतारा गया है. उन्होंने कहा कि नगर परिषद की ओर से जनहित से जुड़े ऐसे कार्यों में हरसंभव सहयोग किया जाएगा.

समाजसेवी सह रक्तवीर प्रियेश रंजन ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि मात्र 10 रुपये में भरपेट भोजन उपलब्ध कराना नेक कार्य है. इससे समाज में सेवा और सहयोग की भावना मजबूत होगी.

उद्घाटन में शामिल हुए कई गणमान्य लोग

कार्यक्रम में डॉ. श्रवण तिवारी, बबन सिंह, पंकज मानसिंहका, नियामतुल्ला फरीदी, सुरेश संगम, हरिशंकर गुप्ता, साबित रोहतासवी, रंजन राय, उमेश कुमार, झब्बू राय और हिटलर कुशवाहा सहित, चन्द्रेश्वर पांडेय कई वार्ड पार्षद, समाजसेवी और स्थानीय लोग मौजूद रहे.

‘माई की रसोई’ की शुरुआत से अब जरूरतमंदों को दिन में भी कम कीमत पर भोजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था हो गई है. शहर में पहले से संचालित रोटी बैंक और अब शुरू हुई इस रसोई के जरिए जरूरतमंदों को अलग-अलग समय पर भोजन उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है.

वीडियो : 













Post a Comment

0 Comments