नगर परिषद हर साल उठाएगी रावण वध का पूरा खर्च, रामलीला समिति ने जताया आभार ..

नगर परिषद की ओर से वर्ष 2026 से हर साल रावण वध कार्यक्रम का पूरा खर्च उठाने की घोषणा का श्री रामलीला समिति ने स्वागत किया और मुख्य पार्षद कमरून निशा तथा चेयरमैन प्रतिनिधि नियामतुल्लाह फरीदी के प्रति आभार जताया.




                           





  • किला मैदान में 45 फीट के रावण और 40 फीट के मेघनाद के पुतले का हुआ दहन, कलात्मक आतिशबाजी ने मोहा मन
  • 20 दिवसीय विजयादशमी महोत्सव के सत्रहवें दिन उमड़ी भीड़, वृंदावन के कलाकारों ने किया रामलीला का मंचन

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : ऐतिहासिक किला मैदान में मंगलवार की शाम ‘जय श्रीराम’ के जयघोष के बीच रावण और मेघनाद के विशालकाय पुतलों का दहन किया गया. 20 दिवसीय विजयादशमी महोत्सव के सत्रहवें दिन आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग जुटे. इस मौके पर नगर परिषद की ओर से वर्ष 2026 से हर साल रावण वध कार्यक्रम का पूरा खर्च उठाने की घोषणा का श्री रामलीला समिति ने स्वागत किया और मुख्य पार्षद कमरून निशा तथा चेयरमैन प्रतिनिधि नियामतुल्लाह फरीदी के प्रति आभार जताया.

बाण लगते ही धू-धू कर जले रावण और मेघनाद के पुतले

किला मैदान में शाम 5:27 बजे लक्ष्मण जी ने 40 फीट ऊंचे मेघनाद के पुतले का दहन किया. इसके करीब 13 मिनट बाद शाम 5:40 बजे प्रभु श्रीराम ने 45 फीट ऊंचे रावण की नाभि पर बाण चलाया. बाण लगते ही रावण का पुतला आतिशबाजी के बीच जल उठा. रंग-बिरंगी कलात्मक आतिशबाजी, कोल्ड फायर और स्मोक फायर के नजारों ने दर्शकों का मन मोह लिया. पूरा मैदान जय श्रीराम के उद्घोष से गूंजता रहा.

इससे पहले दोपहर दो बजे वृंदावन से आए श्री बाल कृष्ण रासलीला एवं रामलीला मंडल ने स्वामी मोहन श्याम भारद्वाज के निर्देशन में मेघनाद वध और रावण वध का मंचन किया. कलाकारों ने मेघनाद के वध, रावण के अहंकार और प्रभु श्रीराम के साथ उसके निर्णायक युद्ध के प्रसंगों को जीवंत किया. मंचन के जरिए सत्य और धर्म की विजय का संदेश दिया गया. कार्यक्रम जिला प्रशासन की निगरानी में सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों की सहायता से संपन्न हुआ.

नगर परिषद के सहयोग से परंपरा को संरक्षित रखने की उम्मीद

श्री रामलीला समिति ने नगर परिषद की ओर से वर्ष 2026 से प्रतिवर्ष रावण वध कार्यक्रम का पूरा खर्च वहन करने की घोषणा का स्वागत किया. समिति के सचिव बैकुंठनाथ शर्मा और संयुक्त सचिव सह मीडिया प्रभारी हरिशंकर गुप्ता ने कहा कि नगर परिषद के सहयोग से बक्सर की इस पारंपरिक सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी. समिति ने मुख्य पार्षद कमरून निशा और चेयरमैन प्रतिनिधि नियामतुल्लाह फरीदी के प्रति आभार व्यक्त किया.

कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष रमेश गोयल ने की, जबकि संचालन सचिव बैकुंठनाथ शर्मा ने किया. कोषाध्यक्ष सुरेश संगम ने धन्यवाद ज्ञापन किया. मौके पर भाजपा नेता अमीत पाण्डेय, रेडक्रॉस के प्रदेश कोषाध्यक्ष दिनेश जायसवाल, सचिव डॉ. श्रवण कुमार तिवारी सहित समिति के पदाधिकारी और कई गणमान्य लोग मौजूद रहे. जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, सदर अनुमंडल पदाधिकारी और डीएसपी समेत प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे.

समिति के सचिव बैकुंठनाथ शर्मा ने जिलेवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व सत्य, सदाचार, मर्यादा और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है.












Post a Comment

0 Comments