दुर्गापूजा में बक्सर की सड़कों पर बदलेगा ट्रैफिक रूट, 17 से लागू होगी नो एंट्री ..

17 से 21 अक्टूबर तक दोपहर 12 बजे से अगले दिन सुबह 3 बजे तक शहर के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध या आंशिक रोक रहेगी. वहीं, 17 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे से 21 अक्टूबर की रात 12 बजे तक बक्सर शहर में सभी प्रकार के बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी. 



                           




  • ज्योति चौक, थाना चौक और ठठेरी बाजार समेत कई मार्गों पर वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध
  • चारपहिया वाहनों के लिए वैकल्पिक रास्ते तय, सात जगहों पर होगी पार्किंग की व्यवस्था

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ और शहर में यातायात के सुचारु संचालन को लेकर बक्सर पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है. इसके तहत 17 से 21 अक्टूबर तक दोपहर 12 बजे से अगले दिन सुबह 3 बजे तक शहर के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध या आंशिक रोक रहेगी. वहीं, 17 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे से 21 अक्टूबर की रात 12 बजे तक बक्सर शहर में सभी प्रकार के बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से चारपहिया वाहनों का इस्तेमाल न करें.

इन प्रमुख रास्तों पर रहेगा प्रतिबंध

पुलिस की ओर से जारी निर्देश के अनुसार, ज्योति चौक से थाना चौक, थाना चौक से नाथ बाबा पुल, पांडेयपट्टी रेलवे गुमटी से मठिया मोड़ तथा थाना चौक से रामरेखा घाट जाने वाले पीपी रोड और मठिया मोहल्ला पुल के रास्ते पर यातायात नियंत्रित रहेगा. इसके अलावा मुनीम चौक, जमुना चौक, ठठेरी बाजार होते हुए थाना चौक और सिंडिकेट से जमुना चौक जाने वाले मार्ग पर भी प्रतिबंध लागू रहेगा. ज्योति चौक से थाना चौक वाले मार्ग पर केवल दोपहिया वाहनों को अनुमति दी जाएगी.

चारपहिया वाहनों के लिए तय किए गए वैकल्पिक रास्ते

चारपहिया वाहन, ई-रिक्शा और ऑटो रिक्शा के आवागमन के लिए दो वैकल्पिक रूट निर्धारित किए गए हैं. पहला रूट गोलंबर बाइपास से ज्योति चौक, आईटीआई रोड और मठिया मोड़ होते हुए दानी कुटिया तक जाएगा. दूसरा रूट गोलंबर से ज्योति चौक, अंबेडकर चौक होते हुए इटाढ़ी गुमटी तक निर्धारित किया गया है. वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित मार्गों का पालन करें, ताकि शहर में जाम की स्थिति न बने.

सात स्थानों पर होगी पार्किंग की व्यवस्था

वाहनों की पार्किंग के लिए सिंडिकेट के पास, डीएवी स्कूल, बुनियादी स्कूल, आईटीआई मैदान, रेलवे स्टेशन के बगल में समाहरणालय से रेलवे पटरी की ओर जाने वाली सड़क के दाहिनी तरफ, बाजार समिति और किला मैदान के पीछे पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं. पुलिस के निर्देश में किला मैदान के पीछे वाले पार्किंग स्थल को केवल दोपहिया वाहनों के लिए चिह्नित किया गया है. अन्य पार्किंग स्थलों पर वाहन निर्धारित व्यवस्था के अनुसार खड़े किए जा सकेंगे.

मरीजों और रेलवे यात्रियों के लिए विशेष निर्देश

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मरीजों को ले जाने वाले वाहनों, एंबुलेंस और अतिआवश्यक सेवाओं के वाहनों पर नो एंट्री का प्रतिबंध लागू नहीं होगा. वहीं, रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों से कहा गया है कि वे अपने साथ रेलवे टिकट लेकर ही घर से निकलें, ताकि जरूरत पड़ने पर यात्रा का प्रमाण दिखा सकें.

दुर्गापूजा के दौरान शहर में भीड़ को देखते हुए पुलिस ने आम नागरिकों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने, निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करने और अनावश्यक रूप से चारपहिया वाहनों से बाजार की ओर नहीं जाने की अपील की है. पुलिस का कहना है कि लोगों के सहयोग से ही पूजा के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु रखा जा सकेगा.

रूट प्लान: 17.10.2026 से 21.10.2026 तक (दोपहर 12:00 बजे से अगले दिन सुबह 03:00 बजे तक).













Post a Comment

0 Comments