कहना है कि चौसा रेलवे स्टेशन से यात्रा करने वाले यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और प्रमुख ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित करने की जरूरत है. इन मांगों को लेकर समिति लंबे समय से आवाज उठा रही है.

- श्रमजीवी, मगध और जनशताब्दी समेत कई ट्रेनों के ठहराव की मांग, बुनियादी सुविधाओं की कमी पर भी उठेगी आवाज
- डॉ. मनोज यादव बोले- स्थानीय विधायक भी नहीं करते पहल, प्रयास होता तो जनहित में होता बड़ा काम
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : चौसा रेलवे स्टेशन पर प्रमुख ट्रेनों के ठहराव और यात्रियों के लिए बुनियादी सुविधाओं की मांग को लेकर चौसा रेलवे यात्री संघर्ष समिति 23 अक्टूबर, शुक्रवार को धरना-प्रदर्शन करेगी. कार्यक्रम सुबह 11 बजे से चौसा रेलवे स्टेशन परिसर में आयोजित होगा. समिति ने क्षेत्र की जनता से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धरना-प्रदर्शन को सफल बनाने की अपील की है.
समिति का कहना है कि चौसा रेलवे स्टेशन से यात्रा करने वाले यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और प्रमुख ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित करने की जरूरत है. इन मांगों को लेकर समिति लंबे समय से आवाज उठा रही है. अब धरना-प्रदर्शन के माध्यम से रेलवे और जनप्रतिनिधियों का ध्यान इस ओर आकर्षित करने की तैयारी है.
पांच प्रमुख मांगों को लेकर उठेगी आवाज
चौसा रेलवे यात्री संघर्ष समिति की प्रमुख मांगों में 03287/03288 बक्सर-दीनदयाल उपाध्याय फास्ट पैसेंजर का दोनों तरफ से ठहराव शामिल है. इसके अलावा श्रमजीवी एक्सप्रेस, हावड़ा-अमृतसर मेल, मगध एक्सप्रेस और जनशताब्दी एक्सप्रेस का भी चौसा रेलवे स्टेशन पर दोनों तरफ से ठहराव सुनिश्चित करने की मांग की जाएगी.
समिति का मानना है कि इन ट्रेनों के ठहराव से क्षेत्र के यात्रियों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी. इसके लिए रेलवे प्रशासन से आवश्यक कदम उठाने की मांग की जाएगी.
हाईमास्ट लाइट से लेकर आरक्षण प्रणाली तक की मांग
ट्रेनों के ठहराव के साथ ही समिति ने चौसा रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने की मांग भी उठाई है. इसमें हाईमास्ट लाइट लगाने, डिलक्स शौचालय का निर्माण कराने, यात्रियों के ठहरने के लिए वातानुकूलित रिटायरिंग रूम की व्यवस्था करने और पेयजल के लिए वाटर कूलर लगाने की मांग शामिल है.
इसके अलावा चौसा स्टेशन पर कंप्यूटरीकृत आरक्षण प्रणाली शुरू करने की मांग भी की जाएगी, ताकि यात्रियों को टिकट आरक्षण कराने के लिए दूसरे स्थानों पर जाने की परेशानी से राहत मिल सके.
स्थानीय विधायक की भूमिका पर भी उठाए सवाल
चौसा रेलवे यात्री संघर्ष समिति के अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार यादव, अधिवक्ता सह पूर्व जिला पार्षद, बक्सर ने कहा कि स्थानीय विधायक भी इन समस्याओं के समाधान के लिए कोई पहल नहीं करते हैं. उन्होंने कहा कि यदि स्थानीय विधायक इस दिशा में प्रयास करते, तो यह क्षेत्र के लोगों के लिए काफी जनहित का काम होता. रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों का ठहराव और बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता हजारों यात्रियों के लिए लाभकारी साबित हो सकती है.
डॉ. यादव ने आम जनता से 23 अक्टूबर को चौसा रेलवे स्टेशन परिसर में आयोजित धरना-प्रदर्शन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है.





.png)








0 Comments