कैमूर पहाड़ के जंगलों में पैंगोलिन तस्करी की सूचना पर वन विभाग की टीम ने छापेमारी अभियान चलाया था. इस दौरान जंगल की पहाड़ी के पास से तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया था.
- कैमूर के जंगलों में 10 किलो पैंगोलिन के शल्क के साथ हुई थी गिरफ्तारी, डब्ल्यूसीसीबी और वन विभाग की संयुक्त टीम ने की थी कार्रवाई
- दो सप्ताह से स्कूल नहीं आने पर गांव में हो रही थी चर्चा, वन विभाग की रिपोर्ट मिलते ही शिक्षा विभाग ने भेजा निलंबन का प्रस्ताव
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिले के राजपुर प्रखंड के सोनी गांव स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय के शिक्षक संजय कुमार पैंगोलिन तस्करी के मामले में गिरफ्तार होकर जेल भेजे जा चुके हैं. वन विभाग की जांच में शिक्षक के रूप में उनकी पहचान होने के बाद शिक्षा विभाग ने भी उनके खिलाफ कार्रवाई शुरु कर दी है. वन विभाग से रिपोर्ट मिलने के बाद राजपुर शिक्षा विभाग ने आवश्यक जांच कर निलंबन की कार्रवाई के लिए वरीय पदाधिकारी को पत्र भेजा है. शिक्षक की गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र में इस मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है.
कैमूर के जंगलों में छापेमारी के दौरान हुई गिरफ्तारी
जानकारी के अनुसार, बीते 30 सितंबर को कैमूर पहाड़ के जंगलों में पैंगोलिन तस्करी की सूचना पर वन विभाग की टीम ने छापेमारी अभियान चलाया था. इस दौरान जंगल की पहाड़ी के पास से तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया था. इनमें राजपुर थाना क्षेत्र के नागपुर गांव निवासी संजय कुमार, पिता हरिद्वार पासवान भी शामिल थे. जांच के दौरान पता चला कि संजय कुमार सोनी गांव स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय में शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं.
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो (डब्ल्यूसीसीबी) और वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई में आरोपितों के पास से 10 किलोग्राम पैंगोलिन के शल्क बरामद किए गए थे. जिसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करोड़ों रुपये है. मामले में रोहतास जिले के नोखा थाना क्षेत्र के गोसाईपुर गांव निवासी रामदेव सिंह के पुत्र सुमित सिंह और कैमूर जिले के बेलांव थाना क्षेत्र के हड़री गांव निवासी निवास पासवान के पुत्र विमल पासवान को भी गिरफ्तार किया गया था.
स्कूल से अनुपस्थिति के बीच सामने आया मामला
बताया जा रहा है कि संजय कुमार पिछले करीब दो सप्ताह से विद्यालय नहीं आ रहे थे. उनके स्कूल नहीं पहुंचने को लेकर ग्रामीणों के बीच भी चर्चा हो रही थी. इसी बीच पैंगोलिन तस्करी के मामले में उनकी गिरफ्तारी और शिक्षक के रूप में उनकी पहचान सामने आने के बाद मामला शिक्षा विभाग तक पहुंचा.
डीपीओ माध्यमिक सह प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सुरेश प्रसाद ने बताया कि वन विभाग से पत्र प्राप्त होने के बाद आवश्यक जांच की गई है. इसके बाद शिक्षक संजय कुमार के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई के लिए विभाग को लिखित पत्र भेज दिया गया है.
अब इस मामले में वन्यजीव तस्करी के आरोपों के साथ-साथ शिक्षक के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई भी चर्चा का विषय बनी हुई है.





.png)








0 Comments