जैसे ही भगवान श्रीराम के अग्निबाण से 50 फीट ऊंचा रावण का पुतला धू-धू कर जलने लगा, पूरा मैदान जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा. इस दौरान लोगों ने बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक इस ऐतिहासिक पल को अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया.

- 50 फीट ऊंचे रावण के पुतले को अग्निबाण लगते ही उठीं आग की लपटें, आतिशबाजी ने बांधा समां
- डीएम साहिला और एसपी शुभम आर्य ने आयोजन की सफलता पर जताया आभार, सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : विजयादशमी के अवसर पर मंगलवार की शाम बक्सर के ऐतिहासिक किला मैदान में रावण वध और पुतला दहन का भव्य आयोजन हुआ. लाखों लोगों की मौजूदगी में रावण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया गया. जैसे ही भगवान श्रीराम के अग्निबाण से 50 फीट ऊंचा रावण का पुतला धू-धू कर जलने लगा, पूरा मैदान जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा. इस दौरान लोगों ने बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक इस ऐतिहासिक पल को अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया.
राम-रावण युद्ध के मंचन ने बांधा समां
रावण दहन से पहले भगवान श्रीराम और रावण के बीच युद्ध का प्रतीकात्मक मंचन किया गया. राम, लक्ष्मण और वानर सेना की झांकियों के साथ पहुंचे कलाकारों ने रामलीला के प्रसंगों को जीवंत किया. युद्ध के दौरान रावण की ओर से कोल्ड फायर का इस्तेमाल किया गया, जिससे पूरा दृश्य और आकर्षक बन गया. भगवान श्रीराम के हाथों रावण का वध होते ही मैदान में मौजूद श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम के नारे लगाए. रावण और कुंभकर्ण के पुतलों के दहन के साथ ही लोगों ने सत्य, धर्म और अच्छाई के मार्ग पर चलने का संदेश लिया.
आतिशबाजी और मेले जैसा माहौल
रावण दहन के दौरान रंग-बिरंगी आतिशबाजी ने दर्शकों का मन मोह लिया. आसमान में चमकती रोशनी और पटाखों की गूंज के बीच बच्चे, युवा और बुजुर्ग इस आयोजन का आनंद लेते नजर आए. दोपहर बाद से ही शहर और आसपास के ग्रामीण इलाकों से लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था. किला मैदान के आसपास मेले जैसा माहौल रहा. खिलौनों, झूलों और चाट-जलेबी की दुकानों पर भी लोगों की भीड़ जुटी रही.
सुरक्षा में मुस्तैद रहा प्रशासन
भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे. मैदान में जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती की गई थी. भीड़ को नियंत्रित करने और यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए भी जरूरी प्रबंध किए गए. आयोजन को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक अधिकारी और पुलिसकर्मी मुस्तैद रहे.
कार्यक्रम के समापन पर जिलाधिकारी साहिला और एसपी शुभम आर्य ने जिलेवासियों के साथ ही आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले लोगों के प्रति सरकार और प्रशासन की ओर से आभार जताया. मौके पर मंच संचालन रेड क्रॉस सचिव डॉक्टर श्रवण कुमार तिवारी ने किया. विजयादशमी का यह आयोजन बक्सर में आस्था, उत्साह और सामाजिक सद्भाव का प्रतीक बना रहा.
वीडियो :





.png)













0 Comments