मकान का छज्जा ढहने से सरपंच की मौत, दो मजदूर गंभीर; निर्माण स्थल पर मची अफरातफरी ..

छज्जे की सेंट्रिंग टूटने से बड़ा हादसा हो गया. इस दुर्घटना में काजीपुर पंचायत के सरपंच सुरेंद्र प्रजापति की मौत हो गई, जबकि दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों घायलों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है. 




                           




  • रिश्तेदार के मकान पर मजदूरों को सुझाव दे रहे थे सुरेंद्र प्रजापति, तभी टूट गई सेंट्रिंग
  • ब्रह्मपुर विधायक शंभुनाथ सिंह यादव समेत जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने जताया शोक

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिले के नया भोजपुर के आदर्श नगर में मंगलवार की शाम मकान निर्माण के दौरान छज्जे की सेंट्रिंग टूटने से बड़ा हादसा हो गया. इस दुर्घटना में काजीपुर पंचायत के सरपंच सुरेंद्र प्रजापति की मौत हो गई, जबकि दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों घायलों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है. हादसे की खबर मिलते ही इलाके में शोक की लहर दौड़ गई.

जानकारी के अनुसार, आदर्श नगर में अभयानंद प्रजापति के मकान का निर्माण कार्य चल रहा था. मंगलवार की शाम छज्जे की सेंट्रिंग और ढलाई का काम होना था. इसी दौरान अचानक सेंट्रिंग टूट गई और सरपंच सुरेंद्र प्रजापति समेत तीन लोग नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. सुरेंद्र प्रजापति पेशे से ठेकेदार थे और रिश्तेदारी के कारण अभयानंद प्रजापति के मकान पर पहुंचे थे. बताया जा रहा है कि वह निर्माण कार्य के दौरान मजदूरों को सुझाव दे रहे थे, तभी यह हादसा हो गया.

अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को डुमरांव के एक निजी अस्पताल पहुंचाया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रेफर कर दिया गया. सुरेंद्र प्रजापति को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. वहीं, घायल दोनों मजदूर शिवशंकर बीन एवं अरमान खान जो काजीपुर निवासी हैं. मजदूरों का इलाज जारी है. हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और सेंट्रिंग टूटने की असली वजह क्या थी, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है.
जनप्रतिनिधियों ने जताया शोक, सुरक्षा पर उठे सवाल

सरपंच सुरेंद्र प्रजापति के निधन की सूचना मिलने के बाद ब्रह्मपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक शंभुनाथ सिंह यादव, काजीपुर पंचायत के मुखिया इम्तेयाज अंसारी, सुनील यादव समेत कई जनप्रतिनिधि और ग्रामीण शोक जताने पहुंचे. सभी ने उनके असामयिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की.

ग्रामीणों के अनुसार, निर्वाचित सरपंच की अचानक हुई मौत से पंचायत को गहरा आघात लगा है. उनके निधन से परिचितों, समर्थकों और क्षेत्र के लोगों में शोक का माहौल है.

इस हादसे ने मकान निर्माण के दौरान सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. छज्जे की सेंट्रिंग टूटने से एक जनप्रतिनिधि की जान चली गई, जबकि दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए. ऐसी घटनाओं से बचने के लिए निर्माण कार्य में सेंट्रिंग की मजबूती, तकनीकी जांच और सुरक्षा मानकों का पालन करना बेहद जरूरी है.











Post a Comment

0 Comments