भक्ति के रंग में रंगा गोलंबर, मां जगदम्बा के स्वागत में निकली भव्य कलश यात्रा ..

गाजे-बाजे के साथ निकली इस यात्रा में सैकड़ों श्रद्धालु और महिलाएं शामिल हुईं. पुलिया घाट पर गंगा जल भरने के बाद श्रद्धालु मंदिर पहुंचे, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां जगदम्बा की प्रतिमा स्थापित कर नौ दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान का शुभारंभ किया गया.




                           





  • गाजे-बाजे और जयकारों के बीच पुलिया घाट पहुंचे श्रद्धालु, वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शुरू हुआ नौ दिवसीय अनुष्ठान
  • 11 से 19 अक्टूबर तक प्रतिदिन शाम 7:30 बजे होगी मां दुर्गा की आरती, श्रद्धालुओं के बीच बंटेगा प्रसाद

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : मां दुर्गा के जयकारे, भक्ति गीतों की गूंज और सिर पर कलश लिए श्रद्धालुओं की कतारें, रविवार को गोलंबर का माहौल पूरी तरह भक्तिमय नजर आया. श्री हनुमान मंदिर में मां जगदम्बा के स्वागत के लिए मां शक्ति पूजा समिति की ओर से भव्य कलश यात्रा निकाली गई. गाजे-बाजे के साथ निकली इस यात्रा में सैकड़ों श्रद्धालु और महिलाएं शामिल हुईं. पुलिया घाट पर गंगा जल भरने के बाद श्रद्धालु मंदिर पहुंचे, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां जगदम्बा की प्रतिमा स्थापित कर नौ दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान का शुभारंभ किया गया.

पुलिया घाट से मंदिर तक गूंजते रहे माता के जयकारे

कलश यात्रा श्री हनुमान मंदिर, गोलंबर से शुरू होकर पुलिया घाट पहुंची. यहां वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक विधि-विधान के साथ मां गंगा के पवित्र जल को कलश में भरा गया. इसके बाद श्रद्धालु नाचते-गाते और माता के जयकारे लगाते हुए मंदिर परिसर लौटे. मंदिर के समीप निर्मित भव्य पंडाल में मां जगदम्बा की प्रतिमा विधिवत स्थापित की गई. इस दौरान पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर रहा.

नौ दिवसीय अनुष्ठान के तहत श्रद्धालु व्रत रखकर नियमित पाठ और पूजा-अर्चना करेंगे. इनमें टिंकू सिंह, ईश्वर दयाल साह, विकास मिश्रा, प्रकाश सिंह, पवन श्रीवास्तव, किशन सिंह और अतुल शर्मा प्रमुख रूप से शामिल हैं. आचार्य श्री रामाश्रय ओझा ने वैदिक मंत्रों के सस्वर उच्चारण के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया.

हर शाम होगी आरती, श्रद्धालुओं को मिलेगा प्रसाद

मां शक्ति पूजा समिति के अध्यक्ष अरविन्द सिंह ने बताया कि अनुष्ठान के दौरान प्रतिदिन शाम 7:30 बजे श्री हनुमान मंदिर के समीप बने पंडाल में मां दुर्गा की आरती की जाएगी. इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया जाएगा. उन्होंने नगरवासियों और श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर आरती में शामिल होने और मां भगवती का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की.

उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन समाज में श्रद्धा, भक्ति, सद्भाव और सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं. ऐसे आयोजनों से लोगों में सेवा, संस्कार और आपसी सहयोग की भावना भी बढ़ती है.

कलश यात्रा में राजेंद्र पाण्डेय, सिपाही जी, ब्रजेश सिंह, आरपी सिंह, अनिल सिंह, सोनू सिंह, भुवन तिवारी, मनोज सिंह, अखिलेश सिंह, सुनील साह, अनिल शर्मा, सूर्या शर्मा, मनी सम्राट और रंजन तिवारी सहित सैकड़ों श्रद्धालु एवं मातृशक्ति की महिलाएं शामिल हुईं। श्रद्धालुओं ने मां जगदम्बा से नगरवासियों के सुख, शांति, समृद्धि, आरोग्य और कल्याण की कामना की.












Post a Comment

0 Comments