महंगी गाड़ी, सस्ती नीयत: लग्जरी कार से पहुंचे चोर, गांव से 11 बकरियां ले उड़े ..

सुबह जब पशुपालकों की नींद खुली, तो दरवाजे से बकरियों को गायब देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. दिनभर आसपास के गांवों और खेतों में तलाश करने के बाद भी जब कोई सुराग नहीं मिला, तो शाम को सभी पीड़ित धनसोई थाने पहुंचे और लिखित आवेदन दिया.

प्रतीकात्मक तस्वीर 







               






- धनसोई थाना क्षेत्र के कान्होपुर और घंटाडीह गांव में शनिवार देर रात हुई वारदात
- पीड़ित पशुपालकों ने थाने में दी शिकायत, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरु

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : चोरी की वारदातों में अब बदमाशों के अंदाज भी बदलते जा रहे हैं. बक्सर के धनसोई थाना क्षेत्र में एक ऐसा ही चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां चोर किसी मालवाहक गाड़ी या बाइक से नहीं, बल्कि एक लग्जरी कार पर सवार होकर आए और 11 बकरियां चुरा ले गए. शनिवार की देर रात कान्होपुर और घंटाडीह गांव में हुई इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है.

चार परिवारों की मेहनत पर फिरा पानी
मिली जानकारी के अनुसार, चोरों ने बेहद शातिराना तरीके से अलग-अलग घरों को निशाना बनाया. इस वारदात में कान्होपुर गांव के राजू राम को सबसे बड़ा झटका लगा है, जिनकी पांच बकरियां चोरी हो गईं. इसके अलावा इसी गांव के राजेंद्र सिंह की दो बकरियां, पान कुंवर की दो बकरियां और बगल के घंटाडीह गांव निवासी बुंदेला यादव की दो बकरियां भी बदमाश अपने साथ ले गए.

सुबह दरवाजा खाली देख उड़े होश
ग्रामीणों के मुताबिक, शनिवार की रात रोज की तरह मवेशी घरों के बाहर बंधे थे. आधी रात के बाद लग्जरी कार से पहुंचे अज्ञात चोरों ने बिना किसी शोर-शराबे के बकरियों को गाड़ी में लादा और रफूचक्कर हो गए. रविवार की सुबह जब पशुपालकों की नींद खुली, तो दरवाजे से बकरियों को गायब देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. दिनभर आसपास के गांवों और खेतों में तलाश करने के बाद भी जब कोई सुराग नहीं मिला, तो शाम को सभी पीड़ित धनसोई थाने पहुंचे और लिखित आवेदन दिया.

सीसीटीवी में कैद हुई संदिग्ध कार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सक्रिय हो गई है. धनसोई थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि पीड़ितों की ओर से शिकायत पत्र के साथ एक सीसीटीवी फुटेज भी सौंपा गया है. फुटेज में रात के अंधेरे में एक संदिग्ध लग्जरी गाड़ी नजर आ रही है. पुलिस फुटेज की बारीकी से जांच कर रही है और गाड़ी की पहचान कर चोरों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है.











Post a Comment

0 Comments