स्मृति को बनाया सेवा का माध्यम: स्व. तारक नाथ गुप्ता की पुण्यतिथि पर 26 रक्तवीरों ने किया महादान ..

नियमित रक्तदाता व रोटेरियन सुजीत गुप्ता के पिता स्वर्गीय तारक नाथ गुप्ता जी की पुण्यतिथि के अवसर पर 'ब्यूटीफुल लाइफ ओनली ऑन डोनेटिंग ब्लड' (ब्लड बक्सर) और 'रोट्रैक्ट बक्सर' के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में कुल 26 रक्तवीरों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया.







               




  • 'ब्लड बक्सर' और रोट्रैक्ट की संयुक्त पहल, मध्य लोहन्दी भवन में जुटे शहर के युवा व समाजसेवी.
  • नेहा और शालिनी ने पेश की नारी शक्ति की मिसाल, 15 दिसंबर को लगेगी अगली 'जीवनदान' की पाठशाला.

बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : ऐतिहासिक और आध्यात्मिक महत्व वाली बक्सर की धरती एक बार फिर मानवता और समाजसेवा की अनूठी मिसाल की गवाह बनी है. अपनों की यादों को समाज के काम आने वाले संकल्प में बदलने की इसी कड़ी में मंगलवार को शहर के आर.एन. पथ स्थित मध्य लोहन्दी भवन में रक्तदान महादान शिविर का आयोजन किया गया. नियमित रक्तदाता व रोटेरियन सुजीत गुप्ता के पिता स्वर्गीय तारक नाथ गुप्ता जी की पुण्यतिथि के अवसर पर 'ब्यूटीफुल लाइफ ओनली ऑन डोनेटिंग ब्लड' (ब्लड बक्सर) और 'रोट्रैक्ट बक्सर' के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में कुल 26 रक्तवीरों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया.

सुबह 11 बजे से शुरू हुए इस जागरूकता सह रक्तदान शिविर में युवाओं के साथ-साथ महिलाओं की भागीदारी भी चर्चा का विषय रही. शिविर में दो रक्तवीरांगनाओं, नेहा केजरीवाल और शालिनी सर्राफ ने रक्तदान कर समाज को एक सशक्त संदेश दिया. इस मौके पर भाजपा नेता सुमित मानसिंहका, अमित केजरीवाल, सुधीर सर्राफ और रोट्रैक्ट प्रिंस जायसवाल ने उपस्थित होकर सभी रक्तदाताओं का हौसला बढ़ाया.

रक्तदान से मिलते हैं कई स्वास्थ्य लाभ, जांच भी निःशुल्क शिविर के दौरान रोट्रैक्ट चेयरमैन सागर वर्मा ने रक्तदान को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करते हुए इसके वैज्ञानिक फायदे गिनाए. उन्होंने बताया कि रक्तदान से शरीर में नई रक्त कोशिकाओं का निर्माण होता है, आयरन की मात्रा संतुलित रहती है और हृदय रोग व कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा कम होता है. इसके अलावा, रक्तदान से पूर्व रक्तचाप, नाड़ी, तापमान, हीमोग्लोबिन के साथ-साथ एचआईवी, हेपेटाइटिस बी व सी और सिफिलिस की जांच पूरी तरह निःशुल्क की जाती है, जिससे साल में एक-दो बार रक्तदान करने वाले व्यक्ति का हेल्थ चेकअप भी स्वतः हो जाता है.

15 दिसंबर को होगा अगला शिविर, हेल्पलाइन जारी 'ब्लड बक्सर' के उपाध्यक्ष रवि शंकर शर्मा ने कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद मरीज के लिए जीवन रेखा बन सकता है. उन्होंने जानकारी दी कि इस महीने का यह पहला कैंप है, जबकि भारत सरकार के 'नेशनल ब्लड डोनेशन ड्राइव' के समर्थन में अगला शिविर 15 दिसंबर को आयोजित किया जाएगा. इच्छुक युवा व युवतियां संस्था के हेल्पलाइन नंबर 8804433322 पर कॉल कर या ऑनलाइन लिंक के जरिए अपना पंजीकरण करा सकते हैं.

शुभ अवसरों पर रक्तदान की नई परंपरा संस्था के संचालक प्रियेश ने सभी रक्तदाताओं और सहयोगियों का आभार जताते हुए "शुभारंभ - नई सोच, नई परंपरा" अभियान से जुड़ने की अपील की. उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य है कि लोग अपने जीवन के हर शुभ अवसर पर रक्तदान करें, ताकि ब्लड बैंक में रक्त की कमी कभी न हो. शिविर के समापन पर सभी रक्तदाताओं को सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया गया.

इन रक्तवीरों ने निभाया फर्ज, टीम का रहा अहम योगदान शिविर में नेहा केजरीवाल और शालिनी सर्राफ के अतिरिक्त संजय पटवा, विनोद वर्मा, रिजवान अंसारी, सागर वर्मा, रवि शंकर शर्मा, अखिलेश राय, सुजीत गुप्ता, प्रशांत राय, चंदन चौधरी, भरत चौधरी, अभिषेक जायसवाल, धर्मेंद्र राय, गुलाम मोहम्मद, समीर अंसारी, आनंद कुमार, संजय कुमार, क्षितिज कुमार, दिनेश चौधरी और जय प्रकाश चौधरी समेत कुल 26 लोगों ने रक्तदान किया. आयोजन को सफल बनाने में एचडीएफसी बैंक के साथ-साथ ब्लड बक्सर के सदस्य अंकिता कुमारी, आदिल खान, निशा कुमारी, नसीम नायक और ब्लड बैंक के संतोष कुमार व राजन कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही.











Post a Comment

0 Comments