बक्सर में उत्पाद विभाग का बड़ा एक्शन: फिल्मी स्टाइल में पीछा कर लग्जरी बस से पकड़ी 2991 लीटर विदेशी शराब, उत्तराखंड का तस्कर गिरफ्तार ..

काफी दूर तक खदेड़ने के बाद टीम ने एनएच-922 पर अहिरौली स्थित सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल के समीप घेराबंदी कर बस को रोक लिया. गाड़ी रुकते ही चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया, लेकिन जवानों ने बस में मौजूद युवक को दबोच लिया.








               






- चेकपोस्ट से भाग रही बिना सवारी वाली बस को एनएच-922 पर अहिरौली के पास घेराबंदी कर दबोचा गया, चालक फरार
- गिनती के बाद उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल ने की 338 पेटी शराब बरामदगी की पुष्टि, पूछताछ में जुटी टीम

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : उत्तर प्रदेश की सीमा से बिहार में शराब की बड़ी खेप खपाने की तस्करों की साजिश को बक्सर उत्पाद विभाग ने नाकाम कर दिया है. वीर कुंवर सिंह गंगा सेतु चेकपोस्ट पर जांच से बचने के लिए तेज रफ्तार में भाग रही एक संदिग्ध लग्जरी बस को उत्पाद टीम ने फिल्मी अंदाज में पीछा कर एनएच-922 पर धर दबोचा. बस की गहन तलाशी लेने पर अंदर छिपाकर रखी गई अलग-अलग ब्रांड्स की 338 पेटी विदेशी शराब बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 2991 लीटर है. कार्रवाई के दौरान बस चालक मौके से भागने में सफल रहा, जबकि टीम ने मौके से उत्तराखंड के एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है. बक्सर के उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल ने इस पूरी कार्रवाई और गिनती पूरी होने के बाद शराब बरामदगी की आधिकारिक पुष्टि की है.

चेकपोस्ट तोड़कर भागी बस, अहिरौली के पास घेराबंदी

मिली जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश की ओर से आ रही लग्जरी बस (रजिस्ट्रेशन नंबर- AR06B6011) गंगा सेतु चेकपोस्ट पर रुकने के बजाय रफ्तार बढ़ाकर भागने लगी. संदेह होने पर उत्पाद विभाग के एएसआई सुजीत कुमार के नेतृत्व में जवानों ने तत्काल बस का पीछा शुरू किया. काफी दूर तक खदेड़ने के बाद टीम ने एनएच-922 पर अहिरौली स्थित सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल के समीप घेराबंदी कर बस को रोक लिया. गाड़ी रुकते ही चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया, लेकिन जवानों ने बस में मौजूद युवक को दबोच लिया.

उत्पाद अधीक्षक ने मौके पर पहुंचकर की जांच

बिना यात्रियों वाली लग्जरी बस के संदिग्ध हालत में भागने की सूचना और मामले की गंभीरता को देखते हुए उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल स्वयं भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. टीम ने जब बस के भीतर तलाशी ली, तो भारी मात्रा में शराब की पेटियां छिपाकर रखी गई मिलीं. गिनती पूरी होने के बाद उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल ने पुष्टि करते हुए बताया कि जब्त की गई कुल 338 पेटी में विभिन्न ब्रांड्स की 2991 लीटर विदेशी शराब शामिल है.

गुमराह करने की कोशिश नाकाम, उत्तराखंड का निकला आरोपी

गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान सुदीप थापा (उम्र 23 वर्ष, पिता- विक्रम थापा) के रूप में हुई है, जो मिश्रा कुंज, काठगोदाम, हल्द्वानी (जिला- नैनीताल, उत्तराखंड) का निवासी है. शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने टीम को गुमराह करने के लिए खुद को नेपाल व दिल्ली का निवासी बताते हुए पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर दूसरी बस खराब होने और कंडक्टर के रूप में सिलीगुड़ी जाने की झूठी कहानी सुनाई थी. हालांकि, जांच में उसकी वास्तविक पहचान उजागर हो गई. फिलहाल उत्पाद विभाग गिरफ्तार आरोपी से गहन पूछताछ करने के साथ ही उसके मोबाइल फोन की जांच कर रहा है, ताकि फरार चालक और इस अंतरराज्यीय शराब तस्करी गिरोह के मुख्य सरगनाओं तक पहुंचा जा सके.











Post a Comment

0 Comments