निजी अस्पताल में प्रसव के बाद महिला की मौत पर भड़का आक्रोश, रात 9 बजे तक जाम रहा बाइपास रोड ..

फिलहाल इस पूरे प्रकरण में अस्पताल प्रबंधन और संबंधित चिकित्सक का पक्ष सामने आना बाकी है. पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा.







               




मां ताराचंडी निजी अस्पताल पर इलाज में लापरवाही और 35 हजार रुपये मांगने का आरोप

पुलिस ने परिजनों से आवेदन लेकर दर्ज की एफआईआर

बक्सर टॉप न्यूज़ बक्सर : नगर थाना क्षेत्र के बायपास रोड पर शनिचरा बाबा के समीप स्थित मां ताराचंडी निजी अस्पताल में प्रसव के बाद एक 28 वर्षीय प्रसूता की मौत से भारी बवाल मच गया. इस घटना से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने शव को बाइपास रोड पर रखकर घंटों आवागमन ठप रखा. हंगामे की सूचना पर कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद रात तकरीबन 9:00 बजे सड़क जाम समाप्त कराया जा सका.

कल से भर्ती थी महिला, बच्चे को जन्म देने के बाद तोड़ा दम

मृतका की पहचान जिले के नरही थाना क्षेत्र अंतर्गत नसीरपुर मठ, कोटवा नारायणपुर निवासी ओमप्रकाश यादव की पत्नी नीतू यादव (28 वर्ष) के रूप में हुई है. पति ओमप्रकाश यादव ने बताया कि वे प्रसव के लिए कल से ही नीतू को अस्पताल में भर्ती कराए हुए थे. आज प्रसव के बाद नीतू ने एक बच्चे को जन्म दिया, लेकिन खुशियों के बीच कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई. परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में घोर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है.

आशा कार्यकर्ता के जरिए लाने और 35 हजार मांगने का आरोप

प्रदर्शन में शामिल अजीत यादव ने आरोप लगाया कि गांव की एक आशा कार्यकर्ता के माध्यम से महिला को इलाज के लिए इस निजी अस्पताल में लाया गया था. अस्पताल में इलाज के नाम पर 35 हजार रुपये की मांग की गई थी, जिसमें से 10 हजार रुपये पहले ही जमा करा लिए गए थे. आरोप है कि महिला की मौत के बाद अस्पताल संचालक और संबंधित डॉक्टर मौके से फरार हो गए. आक्रोशित लोग चिकित्सक डॉ. पूनम राय और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने तथा निष्पक्ष जांच कर दोषियों को सजा दिलाने की मांग पर अड़े रहे.

एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई में जुटी पुलिस, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

मामले की जानकारी देते हुए एसडीपीओ गौरव पांडेय ने बताया कि परिजनों से प्राप्त आवेदन के आधार पर पुलिस एफआईआर दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है. फिलहाल इस पूरे प्रकरण में अस्पताल प्रबंधन और संबंधित चिकित्सक का पक्ष सामने आना बाकी है. पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा.

अस्पतालों की व्यवस्था और चिकित्सकों की डिग्री की हो जांच: आईएमए अध्यक्ष

इस घटना के बाद निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं. मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) के अध्यक्ष डॉ. रंगनाथ तिवारी ने कहा कि ऐसे निजी अस्पतालों की जांच सिविल सर्जन के स्तर से होनी चाहिए. यह सुनिश्चित किया जाना बेहद जरूरी है कि वहां मान्यता प्राप्त चिकित्सक कार्यरत हैं अथवा नहीं, साथ ही अस्पताल में जीवन रक्षक व्यवस्था उपलब्ध है या नहीं. उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि वे जागरूक बनें और किसी अनुभवी चिकित्सक से ही अपना इलाज या परामर्श लें.












Post a Comment

0 Comments