बक्सर में खून के रिश्ते शर्मसार, व्यवसायिक जलन और चिढ़ाने के विवाद में बड़े भाई ने छोटे भाई को मारी गोली, आरोपी गिरफ्तार ..

बताया कि दोनों भाई एक ही व्यवसाय से जुड़े थे, लेकिन छोटे भाई अमित का काम कुछ ज्यादा चल निकला था. छोटे भाई की इस व्यवसायिक तरक्की से बड़े भाई चंदन को अंदर ही अंदर चिढ़ होती थी.







               




  • सोनवर्षा थाना क्षेत्र के मणियां गांव की घटना, 10 साल बाद आईवीएफ से पिता बने युवक की मौत 
  • पुणे में सेंटरिंग की ठेकेदारी करते थे दोनों भाई, छोटे भाई का काम ज्यादा चलने से चिढ़ता था बड़ा भाई 

बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : जिले के सोनवर्षा थाना क्षेत्र अंतर्गत मणियां गांव में मंगलवार की सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई, जिसने खून के रिश्तों को शर्मसार कर दिया. जिस बड़े भाई के साथ जिंदगी के कई साल गुजारे और रोजी-रोटी के लिए दूसरे प्रदेश में साथ मेहनत की, उसी ने कथित तौर पर अपने छोटे भाई की गोली मारकर हत्या कर दी. मृतक की पहचान मणियां गांव निवासी कन्हैया शर्मा के 33 वर्षीय पुत्र अमित शर्मा के रूप में हुई है. घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर आरोपी बड़े भाई चंदन शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है.

जानकारी के अनुसार, अमित शर्मा और उसका बड़ा भाई चंदन शर्मा पुणे में सेंटरिंग की ठेकेदारी का काम करते थे. डुमरांव अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी भास्कर रंजन ने बताया कि दोनों भाई एक ही व्यवसाय से जुड़े थे, लेकिन छोटे भाई अमित का काम कुछ ज्यादा चल निकला था. छोटे भाई की इस व्यवसायिक तरक्की से बड़े भाई चंदन को अंदर ही अंदर चिढ़ होती थी. इसके अलावा अमित को विवाह के 10 वर्ष बीत जाने के बाद हाल ही में आईवीएफ तकनीक से एक पुत्र की प्राप्ति हुई थी, जो अभी 2 माह का है. अमित की पत्नी अपने नवजात बच्चे को लेकर छठ पर्व में मायके गई हुई थी. इसी दौरान मंगलवार की सुबह घर में चंदन ने किसी बात को लेकर अमित को चिढ़ाना शुरू किया. मृतक की मां ने भी पुष्टि की है कि चिढ़ाने के दौरान ही बात का बतंगड़ बन गया.

देखते ही देखते दोनों भाइयों के बीच शुरू हुई मामूली कहासुनी खूनी संघर्ष में तब्दील हो गई. विवाद इतना गहरा गया कि गुस्से में आकर बड़े भाई चंदन शर्मा ने देसी कट्टा निकालकर छोटे भाई अमित के जबड़े के नीचे गोली मार दी. गोली लगते ही अमित जमीन पर गिर पड़ा और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई. रोजमर्रा की तरह सुबह की शुरुआत कर रहे परिवार में अचानक गोली की आवाज गूंजने से कोहराम मच गया और पूरे गांव में सनसनी फैल गई.

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी चंदन शर्मा हत्या में प्रयुक्त देसी कट्टे को एक झोपड़ी के ऊपर फेंककर मौके से फरार हो गया था. घटना की सूचना मिलते ही सोनवर्षा थाने की पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कागजी प्रक्रिया पूरी की.

डुमरांव अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी भास्कर रंजन ने बताया कि आपसी एवं पारिवारिक विवाद के साथ-साथ व्यवसायिक जलन के कारण बड़े भाई ने अपने छोटे भाई की गोली मारकर हत्या की है. पुलिस द्वारा घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और वारदात में इस्तेमाल हथियार की गहन जांच की जा रही है. टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर की गई छापेमारी के बाद आरोपी चंदन शर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.











Post a Comment

0 Comments