चौसा-मोहनिया हाईवे हादसे का दर्दनाक अंत: मृतकों की संख्या 7 पहुंची, यूपी और बिहार के कई गांवों में पसरा मातम ..

जैसे ही इन युवकों के शव उनके पैतृक गांव पहुंचे, परिजनों की चीख-पुकार से पूरा माहौल गमगीन हो गया. एक साथ इतनी मौतों ने न केवल मृतकों के गांवों बल्कि पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है.








               






  • इलाज के दौरान अन्य घायलों ने तोड़ा दम, बक्सर से लेकर यूपी के भतौरा तक मचा कोहराम
  • सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय ने की मौतों की पुष्टि, बारात जा रही कार और बाइक में हुई थी भीषण भिड़ंत

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर: चौसा-मोहनिया मुख्य मार्ग पर सोनपा के समीप गुरुवार की रात हुए हृदयविदारक सड़क हादसे ने सात परिवारों की खुशियां छीन ली हैं. इलाज के दौरान घायलों के दम तोड़ने के बाद इस भीषण दुर्घटना में जान गंवाने वालों का आंकड़ा अब सात पर पहुंच गया है. शुक्रवार को जैसे ही इन युवकों के शव उनके पैतृक गांव पहुंचे, परिजनों की चीख-पुकार से पूरा माहौल गमगीन हो गया. एक साथ इतनी मौतों ने न केवल मृतकों के गांवों बल्कि पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है.

यूपी के एक ही गांव के चार किशोरों की गई जान: इस दुर्घटना में उत्तर प्रदेश के भतौरा गांव के चार नौजवानों की असमय मौत हुई है. मृतकों में 18 वर्षीय दीपक ठाकुर, 17 वर्षीय बादल ठाकुर, 17 वर्षीय इरफान अली और 16 वर्षीय अरबाज अली शामिल हैं. हादसे का दुखद पहलू यह भी है कि दीपक ठाकुर का ननिहाल बक्सर के सिमरी में था, जहां इस खबर के पहुंचते ही शोक की लहर दौड़ गई है.

बक्सर के तीन युवकों ने भी गंवाई जान: मृतकों में राजपुर थाना क्षेत्र के तीन स्थानीय युवक भी शामिल हैं. उतरौली गांव निवासी रामनिधि के 34 वर्षीय पुत्र अरुण कुमार की इस हादसे में मौत हो गई. वहीं, दूसरी ओर बाइक पर सवार सौरी गांव निवासी अनिल राय के 22 वर्षीय पुत्र शुभम राय तथा शिवम कुमार की भी जान चली गई. कम उम्र में अपनों को खोने का गम परिजनों के लिए असहनीय साबित हो रहा है.

कैसे हुआ था यह भीषण हादसा: गौरतलब है कि गुरुवार की रात राजपुर थाना क्षेत्र के सोनपा गांव (महावीर स्थान) के पास यह दर्दनाक घटना घटी थी. उत्तर प्रदेश के भतौरा गांव से एक बारात रामगढ़ के बिशनपुरा जा रही थी. इसी दौरान बारात की तेज रफ्तार कार और सामने से आ रही बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई. सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय ने इन मौतों की आधिकारिक पुष्टि की है.











Post a Comment

0 Comments