वामन भगवान मंदिर परिसर में आयोजित भव्य दीपोत्सव ने पूरे माहौल को भक्तिमय कर दिया. जैसे ही एक साथ 1500 मिट्टी के दीये प्रज्वलित हुए, पूरा मंदिर परिसर सुनहरी आभा से जगमगा उठा और भगवान वामन के जयघोष से गूंजने लगा.

- भगवान वामन चेतना मंच के तत्वावधान में सोमेश्वर स्थान स्थित मंदिर परिसर में आयोजित हुआ भव्य दीपोत्सव, वैदिक मंत्रोच्चार और कीर्तन से गुंजायमान रहा वातावरण
- वक्ताओं ने भगवान श्रीहरि विष्णु के योगनिद्रा से जागृत होने और तुलसी-शालिग्राम विवाह के आध्यात्मिक व पर्यावरणीय महत्व पर डाला प्रकाश, सनातन संस्कृति के संरक्षण का दिया संदेश
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : कार्तिक मास की देवोत्थान एकादशी पर शुक्रवार की शाम नगर का सोमेश्वर स्थान एक अलौकिक और आध्यात्मिक छटा का साक्षी बना. भगवान वामन चेतना मंच के तत्वावधान में वामन भगवान मंदिर परिसर में आयोजित भव्य दीपोत्सव ने पूरे माहौल को भक्तिमय कर दिया. जैसे ही एक साथ 1500 मिट्टी के दीये प्रज्वलित हुए, पूरा मंदिर परिसर सुनहरी आभा से जगमगा उठा और भगवान वामन के जयघोष से गूंजने लगा.
वैदिक मंत्रोच्चार और कीर्तन से गुंजायमान हुआ परिसर कार्यक्रम का नेतृत्व मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष मृत्युंजय तिवारी ने किया, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में जिला आपदा पदाधिकारी नचिकेता मिश्रा और जेल अधीक्षक राघवेंद्र सिंह मौजूद रहे. मंदिर के पुजारी सत्येंद्र चौबे ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजा-अर्चना और महाआरती संपन्न कराई. इसके बाद श्रद्धालुओं ने सामूहिक कीर्तन में भाग लेकर भक्ति की अविरल धारा प्रवाहित की.
मांगलिक कार्यों की शुरुआत और तुलसी पूजन का संदेश समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने देवोत्थान एकादशी के महत्व पर प्रकाश डाला. उन्होंने बताया कि चार माह की योगनिद्रा के बाद भगवान श्रीहरि विष्णु के जागृत होने के साथ ही चातुर्मास समाप्त होता है और शुभ एवं मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो जाती है. इस मौके पर तुलसी-शालिग्राम विवाह की परंपरा और तुलसी के पर्यावरणीय व आध्यात्मिक महत्व पर भी चर्चा हुई. वक्ताओं ने कहा कि तुलसी केवल आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि घर-परिवार में सकारात्मकता और प्रकृति संरक्षण का संदेश देती है.
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति आयोजन के अंत में श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया. इस मौके पर रिंकू पाण्डेय, श्रीकृष्णा चौबे, सतीश दुबे, मदन दुबे, संजय चौबे, आशुतोष चतुर्वेदी, राघव कुमार पाण्डेय, कपिल मुनि त्रिगुण, सिद्धार्थ पाण्डेय, पंकज उपाध्याय प्रथम, अखिलेश पाण्डेय, अवधेश चौबे, धनंजय चौबे, अंशु पाण्डेय, बालक बाबा, लाला बाबा, कपिल मुनि पाण्डेय, सत्यम कुमार, सोनू चौबे, विनय चौबे, विजय मिश्रा, अभिषेक ओझा, दयानन्द उपाध्याय, प्रकाश पाण्डेय, प्रमोद चौबे, आशुतोष मिश्रा, सुरेन्द्र कुशवाहा, संजय कुशवाहा, प्रेम जी मिश्रा, चमन द्विवेदी, विमलेश पाठक, डॉ. श्रीनिवास उपाध्याय, कमलाकर ओझा, अटू तिवारी और श्रीमान नारायण तिवारी सहित बड़ी संख्या में नगरवासी व श्रद्धालु उपस्थित रहे.








.png)











0 Comments