आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग सोने के आभूषण और एक लाख रुपये नकद की मांग को लेकर सुशीला को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे थे. गौरतलब है कि मृतका के ससुर बिहार पुलिस में कार्यरत हैं.
- गला दबाकर हत्या के बाद आत्महत्या का रूप देने के लिए फंदे से लटकाया था शव, सीजेएम कोर्ट ने भेजा जेल
- 1 लाख रुपये नकद और गहनों के लिए दी जा रही थी प्रताड़ना, बिहार पुलिस में पदस्थापित हैं मृतका के ससुर
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर (लीगल रिपोर्टर): दहेज के लालच में एक नवविवाहिता की नृशंस हत्या कर शव को फांसी के फंदे से लटकाने के चर्चित मामले में फरार चल रहे मुख्य अभियुक्त ने आखिरकार कानून के शिकंजे के डर से न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया. सोनवर्षा (नावानगर) थाना कांड संख्या 141/2026 के नामजद अभियुक्त आनंद कुमार सिंह (पिता- श्री भगवान सिंह, निवासी सोनवर्षा) ने मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) देवेश कुमार की अदालत में सरेंडर किया. मामले की गंभीरता को देखते हुए न्यायाधीश ने अभियुक्त की जमानत अर्जी को सिरे से खारिज कर दिया और उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया.
दशहरे के दिन ही सुशीला ने जता दी थी अनहोनी की आशंका
घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार, भोजपुर जिले के अगिआंव बाजार थाना अंतर्गत खननी कला गांव निवासी सुशीला कुमारी का विवाह 17 मई 2023 को सोनवर्षा निवासी आनंद कुमार सिंह के साथ हुआ था. मायके वालों का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग सोने के आभूषण और एक लाख रुपये नकद की मांग को लेकर सुशीला को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे थे. गौरतलब है कि मृतका के ससुर बिहार पुलिस में कार्यरत हैं.
परिजनों ने बताया कि बीते दशहरे के दिन सुशीला ने अपने मायके फोन कर रोते हुए अपनी जान को खतरा बताया था. उसने स्पष्ट शब्दों में कहा था कि यदि किसी तरह एक लाख रुपये का इंतजाम कर ससुराल वालों की मांग पूरी नहीं की गई, तो वे लोग किसी भी दिन उसकी हत्या कर देंगे. सुशीला ने यह भी आशंका जताई थी कि ससुराल वाले हत्या करने के बाद साक्ष्य छिपाने और कानून से बचने के लिए उसके शव को फंदे से लटकाकर आत्महत्या का रूप दे देंगे.
बाहर से बंद कमरे में फंदे से झूलता मिला था शव
सुशीला की आशंका उस वक्त सच साबित हुई, जब विगत 9 नवंबर को किसी अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर मायके वालों को उसकी हत्या की सूचना दी. बदहवास हालत में जब परिजन सोनवर्षा स्थित उसके ससुराल पहुंचे, तो पाया कि घर के कमरे का दरवाजा बाहर से बंद (कुंडी लगा हुआ) था. दरवाजा खोलने पर अंदर सुशीला का शव फंदे से लटका हुआ मिला. सूचना पाकर मौके पर पहुंची सोनवर्षा पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में शव को नीचे उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा. इस मामले में मृतका के भाई राजेश सिंह के लिखित बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी, जिसके बाद से अभियुक्त फरार चल रहा था.










.png)








0 Comments