नशे में धुत्त होकर हंगामा करने और पुलिस को धमकी देने की इस घटना को व्यवस्था के सामने सीधी चुनौती के रूप में देखा जा रहा है. इस घटना ने बिहार में लागू शराबबंदी कानून के प्रभावी क्रियान्वयन पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं.
- डुमरांव थाने में सोमवार शाम हाई-वोल्टेज ड्रामा, नगर परिषद के कार्यकारी अध्यक्ष पर भी की अभद्र टिप्पणी
- मेडिकल जांच के बाद न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : शराबबंदी वाले बिहार में कानून का खौफ किस कदर कम होता जा रहा है, इसकी बानगी सोमवार की शाम डुमरांव थाना परिसर में देखने को मिली. शराब के नशे में धुत्त एक व्यक्ति झूमता हुआ सीधे थाने के भीतर जा पहुंचा और वहां मौजूद पुलिसकर्मियों पर ही अपना रौब झाड़ने लगा. खुद को वार्ड संख्या 20 की पार्षद का प्रतिनिधि बताते हुए उसने न केवल पुलिसकर्मियों पर धौंस जमाई, बल्कि उन्हें धमकी भी दे डाली. अचानक हुए इस हंगामे से कुछ देर के लिए थाना परिसर में अफरातफरी का माहौल बन गया.
नगर परिषद के कार्यकारी अध्यक्ष के खिलाफ भी अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल नशे में चूर आरोपित यहीं नहीं रुका. थाने में हंगामे के दौरान उसने डुमरांव नगर परिषद के कार्यकारी अध्यक्ष के खिलाफ भी अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया. हालांकि, पुलिसकर्मियों ने तत्काल तत्परता दिखाते हुए हंगामा कर रहे व्यक्ति को दबोच लिया और सीधे हाजत में बंद कर दिया. पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपित की पहचान टिंकू श्रीवास्तव के रूप में हुई है, जो वार्ड संख्या 20 की पार्षद कंचन देवी का रिश्तेदार बताया जा रहा है. हाजत में बंद होने के बाद भी उसका नशे में बड़बड़ाना और अनाप-शनाप बोलना लगातार जारी रहा.
मेडिकल जांच के बाद जाएगा जेल, शराबबंदी पर उठे सवाल मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपित के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने बताया कि आरोपित की चिकित्सकीय जांच कराई जा रही है और जांच की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जाएगी.
दूसरी ओर, जिस थाना परिसर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी संभाली जाती है, वहीं नशे में धुत्त होकर हंगामा करने और पुलिस को धमकी देने की इस घटना को व्यवस्था के सामने सीधी चुनौती के रूप में देखा जा रहा है. इस घटना ने बिहार में लागू शराबबंदी कानून के प्रभावी क्रियान्वयन पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि शराब की अवैध बिक्री और सेवन पर प्रभावी नियंत्रण नहीं होने से ऐसे तत्वों का मनोबल लगातार बढ़ रहा है.








.png)










0 Comments