कत्ल को एक हादसा साबित करने और पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए हत्यारों ने करंट लगने से मौत का ऐसा शातिर नाटक रचा कि पहली नजर में हर कोई दंग रह गया.

सोनवर्षा के मणियां गांव की घटना; साक्ष्य मिटाने को बिस्तर तक बिछाया था कटा हुआ बिजली का तार
गले के निशान ने खोल दी पूरी साजिश, प्रेमी फरार
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिले के सोनवर्षा थाना क्षेत्र अंतर्गत मणियां गांव में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक खौफनाक वारदात सामने आई है. अवैध संबंध का राज उजागर होने के डर से एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपनी ही जेठानी की गला घोंटकर हत्या कर दी. इतना ही नहीं, कत्ल को एक हादसा साबित करने और पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए हत्यारों ने करंट लगने से मौत का ऐसा शातिर नाटक रचा कि पहली नजर में हर कोई दंग रह गया. हालांकि, पुलिस की पैनी तफ्तीश के आगे आरोपियों की यह साजिश ज्यादा देर टिक नहीं सकी और पूरा मामला बेनकाब हो गया. पुलिस ने मुख्य आरोपी देवरानी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका फरार प्रेमी अभी पुलिस की पकड़ से बाहर है.
राज खुलने के खौफ में रची मौत की साजिश. मृतका की पहचान मणियां गांव निवासी पप्पू सिंह की 30 वर्षीय पत्नी सुनीता देवी के रूप में हुई है. पुलिस जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि मृतका की देवरानी सीमा देवी का पड़ोस में रहने वाले उपेंद्र सिंह के साथ अवैध संबंध था. कुछ समय पहले सुनीता देवी को इन दोनों के रिश्ते की भनक लग गई थी. सीमा और उपेंद्र को यह डर सताने लगा था कि सुनीता यह बात परिवार और समाज के सामने ला देगी, जिससे उनकी भारी बदनामी होगी. इसी लोक-लाज और बदनामी के खौफ से दोनों ने मिलकर सुनीता को हमेशा के लिए रास्ते से हटाने का खौफनाक प्लान तैयार किया.
गला घोंटने के बाद बिस्तर तक पहुंचाया बिजली का तार. योजना के मुताबिक, आरोपियों ने मौका पाकर सुनीता देवी की गला दबाकर बेरहमी से हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद इसे बिजली के करंट से हुई आकस्मिक मौत का रूप देने के लिए कमरे में लगे बिजली के तार को जानबूझकर तोड़ा गया और उसे मृतका के बेड तक पहुंचा दिया गया. परिजनों और ग्रामीणों को यही लगा कि सुनीता की मौत करंट की चपेट में आने से हुई है.
गले के निशान ने पलट दी पूरी कहानी. घटना की सूचना पर जब पुलिस मौके पर पहुंची और शव का बारीकी से निरीक्षण किया, तो मामला संदिग्ध लगा. मृतका के गले पर उभरे दबाव के निशान और घटनास्थल की परिस्थितियां करंट लगने की थ्योरी से मेल नहीं खा रही थीं. पुलिस ने जब इस एंगल पर सख्ती से जांच शुरू की, तो साजिश की परतें खुलती चली गईं और हत्या की गुत्थी सुलझ गई.
एसडीपीओ का बयान: फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी तेज. इस संबंध में डुमरांव एसडीपीओ भास्कर रंजन ने हत्याकांड का सफल उद्भेदन करते हुए आरोपी देवरानी सीमा देवी की गिरफ्तारी की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि अवैध संबंध छिपाने के लिए ही इस हत्या को अंजाम दिया गया था. वारदात में शामिल दूसरा आरोपी उपेंद्र सिंह फिलहाल फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं. इस सनसनीखेज खुलासे के बाद से पूरे मणियां गांव में तरह-तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म है.









.png)









0 Comments