इटाढ़ी में रफ्तार का कहर: अज्ञात वाहन ने बुलेट सवार युवक को रौंदा, मौके पर ही मौत ..

अनियंत्रित अज्ञात वाहन ने बुलेट सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि हादसे को अंजाम देने के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया.








               




  • रघुकुल डेरा के पास रात करीब 8 बजे हुआ भीषण हादसा, चालक वाहन लेकर फरार.
  • इंदौर गांव निवासी 20 वर्षीय उपेंद्र पासवान के रूप में हुई मृतक की पहचान.

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिले के इटाढ़ी थाना क्षेत्र में मंगलवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं. रघुकुल डेरा के समीप रात करीब 8 बजे एक अनियंत्रित अज्ञात वाहन ने बुलेट सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि हादसे को अंजाम देने के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया.

मृतक की पहचान इटाढ़ी थाना क्षेत्र के इंदौर गांव निवासी भुटानी पासवान के 20 वर्षीय पुत्र उपेंद्र पासवान के रूप में की गई है. जानकारी के अनुसार, उपेंद्र मंगलवार रात अपनी बुलेट मोटरसाइकिल से कहीं जा रहा था. जैसे ही वह रघुकुल डेरा के पास पहुंचा, तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया. दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़े और तत्काल इटाढ़ी थाने को इसकी सूचना दी.

सूचना मिलते ही इटाढ़ी थाना पुलिस दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया. आवश्यक कागजी कार्रवाई के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, बक्सर भेज दिया है. दूसरी ओर, जैसे ही इस अनहोनी की खबर मृतक के गांव इंदौर पहुंची, परिजनों में कोहराम मच गया. रोते-बिलखते परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में इटाढ़ी थाने पहुंचे.

इटाढ़ी थानाध्यक्ष ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि अज्ञात वाहन की टक्कर से बुलेट सवार युवक की मौत हुई है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. थाने पहुंचे मृतक के परिजनों से बातचीत कर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि युवक घटना के समय कहां और किस उद्देश्य से जा रहा था. पुलिस आसपास के मार्गों की छानबीन कर फरार वाहन की पहचान करने में जुटी है.











Post a Comment

0 Comments