बक्सर में होगा RYA का 8वां राष्ट्रीय सम्मेलन, डुमरांव कन्वेंशन में 27 सदस्यीय जिला कमिटी का गठन ..

कहा कि देश का युवा आज बेरोजगारी, महंगाई, भर्ती परीक्षाओं में धांधली, पेपर लीक और निजीकरण जैसी गंभीर चुनौतियों से जूझ रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी संस्थानों को निजी हाथों में सौंपने से स्थायी रोजगार के अवसर लगातार कम हो रहे हैं. 








               




  • "यंग इंडिया फॉर न्यू इंडिया" और "हम हैं इसके मालिक, हिंदुस्तान हमारा" के केंद्रीय नारे के साथ 19-20 दिसंबर को जुटेंगे देशभर के युवा
  • कॉमरेड रविशंकर राम बने जिला अध्यक्ष और वीरेन यादव को मिली जिला सचिव की कमान, पेपर लीक और बेरोजगारी पर सरकार को घेरा

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : इंकलाबी नौजवान सभा (RYA) के बैनर तले आगामी 19 और 20 दिसंबर को बक्सर में संगठन का 8वां राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा. इसकी तैयारियों को लेकर डुमरांव नगर भवन में RYA का कार्यकर्ता कन्वेंशन उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ. संगठन के जिला मीडिया प्रभारी मो. नासिर हसन द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस सम्मेलन का केंद्रीय नारा और थीम "यंग इंडिया फॉर न्यू इंडिया" तथा "हम हैं इसके मालिक, हिंदुस्तान हमारा" तय किया गया है. इसके साथ ही कन्वेंशन में "धर्मेंद्र प्रधान झांकी है, ज्ञानेश-मोदी-शाह बाकी है" का नारा भी बुलंद किया गया.

कन्वेंशन का उद्घाटन करते हुए डुमरांव के पूर्व विधायक एवं RYA के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजीत कुमार सिंह (अजीत कुशवाहा) ने केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि देश का युवा आज बेरोजगारी, महंगाई, भर्ती परीक्षाओं में धांधली, पेपर लीक और निजीकरण जैसी गंभीर चुनौतियों से जूझ रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी संस्थानों को निजी हाथों में सौंपने से स्थायी रोजगार के अवसर लगातार कम हो रहे हैं. संगठन की ओर से सरकार से तत्काल पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया, नियमित बहाली कैलेंडर और समयबद्ध नियुक्ति सुनिश्चित करने की मांग की गई.

समापन वक्तव्य देते हुए पार्टी सचिव कॉमरेड नवीन कुमार ने कहा कि सरकारी संस्थानों और नौकरियों का निजीकरण सामाजिक न्याय तथा आरक्षण के अधिकार को कमजोर करने का प्रयास है. उन्होंने संविधान, लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की आजादी की रक्षा के लिए युवाओं से एकजुट होने का आह्वान किया. संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि आगामी 19 दिसंबर को अमर शहीद अशफाक उल्ला खां, रामप्रसाद बिस्मिल और रोशन सिंह के शहादत दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन होगा.

कन्वेंशन के दौरान सर्वसम्मति से 27 सदस्यीय नई जिला कमिटी का गठन किया गया. इसमें कॉमरेड रविशंकर राम को जिला अध्यक्ष, कॉमरेड वीरेन यादव को जिला सचिव और मो. नासिर हसन को जिला मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है. इसके अतिरिक्त विभिन्न प्रखंडों के लिए भी पदाधिकारियों का चयन किया गया:

  • डुमरांव: बाबूलाल राम (अध्यक्ष), अरविंद कुमार (सचिव)
  • नावानगर: रविशंकर मौर्य (प्रखंड अध्यक्ष), रविरंजन सिंह यादव (प्रखंड सचिव)
  • बक्सर: कृष्ण यादव (संयोजक)
  • केसठ: विमल सिंह (प्रखंड संयोजक)

कार्यक्रम के अंत में सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने गांव-गांव और पंचायत स्तर तक संगठन को मजबूत करने तथा बक्सर में होने वाले 8वें राष्ट्रीय सम्मेलन को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने का संकल्प लिया.












Post a Comment

0 Comments