अपनी राय : एक नाम की चूक पर इतनी नाराजगी क्यों? बक्सर की सियासत के दो दौर और बदलती कार्यशैली - के.के. ओझा (पूर्व पत्रकार)

राजनीति में मंच से किसका नाम लिया गया और किसका छूट गया, यह महज एक औपचारिकता है. जनता किसी नेता को मंच के प्रोटोकॉल से नहीं, बल्कि अपनी टूटी सड़कों, बदहाल अस्पतालों, स्कूलों की स्थिति और अपने दुख-सुख में नेता की सहज उपलब्धता के आधार पर तौलती है. 







               






बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिला मुख्यालय के ऐतिहासिक रामरेखा घाट पर आयोजित भव्य लेजर शो के दौरान मंच से हुई एक चूक ने जिले की सियासी फिजा में नई बहस छेड़ दी है. कार्यक्रम में बक्सर की विभूतियों और प्रमुख हस्तियों के जिक्र के क्रम में महान धावक शिवनाथ सिंह का नाम लिया गया, जो वास्तव में बक्सर की विभूति रहे हैं और उनके नाम पर किसी को कोई आपत्ति भी नहीं है. दरअसल, चूक यह हुई कि उद्घोषणा के दौरान वर्तमान विधायक श्री आनंद मिश्र की जगह पूर्व विधायक संजय तिवारी उर्फ मुन्ना तिवारी का नाम ले लिया गया. इसी बात से वर्तमान विधायक आनंद मिश्र और उनके समर्थकों में गहरी नाराजगी देखी जा रही है. मुन्ना तिवारी कोई विभूति नहीं, बल्कि एक राजनीतिक शख्सियत हैं, लेकिन महज एक नाम की चूक पर उभरी इस असहजता ने बक्सर के लोगों को पुराने और नए दौर के जनप्रतिनिधियों की कार्यशैली की तुलना करने का मौका दे दिया है.

1984 का वह दौर और मुन्ना तिवारी की जमीनी पकड़

एक पत्रकार के रूप में मैंने बक्सर की राजनीति को दशकों तक बेहद करीब से देखा है. मुझे आज भी वर्ष 1984 का वह दौर याद है, जब मैं मुन्ना तिवारी को सक्रिय जनसेवा करते देखता था. उस समय बक्सर जिला नहीं बना था, बल्कि भोजपुर जिले का एक अनुमंडल हुआ करता था और भोजपुर के जिलाधिकारी टी.के. मिश्र (संभवतः पूरा नाम तारा कांत मिश्र) थे. तत्कालीन बक्सर सांसद प्रो. के.के. तिवारी केंद्र में मंत्री हुआ करते थे और आज का जिलाधिकारी निवास ही उस समय उनका सरकारी बंगला था.

आज से 42 साल पहले संजय तिवारी उर्फ मुन्ना तिवारी कांग्रेस के एक समर्पित सिपाही के रूप में हर वक्त अपने सैकड़ों समर्थकों के बीच रहते थे. जो काम आज के विधायक नहीं करा पाते, वे काम मुन्ना तिवारी उस दौर में प्रो. के.के. तिवारी से कहकर चुटकियों में करा देते थे. आम लोगों के आत्मरक्षार्थ राइफल लाइसेंस की पैरवी होती थी, तो प्रो. तिवारी के कहने पर भोजपुर के जिलाधिकारी सीधे कह देते थे कि लिस्ट भेज दीजिए, सबका लाइसेंस निर्गत कर देते हैं. यदि मुन्ना तिवारी किसी सड़क या पुल का अनुरोध कर देते थे, तो छह महीने के भीतर वह सड़क बनकर तैयार हो जाती थी. कोरानसराय की कई सड़कों और नहर पर पुलियों के निर्माण का श्रेय आज भी उन्हीं को जाता है.

बक्सर से दो बार विधायक रहे मुन्ना तिवारी पचास वर्षों से सार्वजनिक जीवन में लोगों के बीच सक्रिय हैं. शशांक जी और निराला जी जैसे वरिष्ठ साथी उस दौर की बारीकियों को मुझसे भी बेहतर जानते हैं. मुन्ना तिवारी आज भी आम लोगों की समस्याएं उसी आत्मीयता से सुनते हैं. कई पत्रकारों ने उनके खिलाफ लिखा भी, लेकिन उन्होंने कभी किसी पत्रकार से व्यक्तिगत मनभेद नहीं रखा - वे एक जिंदादिल और सहज इंसान हैं.

वर्तमान कार्यशैली, बदहाल सड़कें और 'रील विभाग' का दौर

दूसरी ओर, जब हम वर्तमान विधायक श्री आनंद मिश्र के कार्यकाल और कार्यशैली पर नजर डालते हैं, तो निराशा हाथ लगती है. आज तक उनका कोई ठोस जमीनी काम नजर नहीं आता. स्थिति यह है कि जिस जासो रोड पर स्वयं विधायक जी का कार्यालय स्थित है, वह सड़क भी अब तक नहीं बन सकी है. जिले में पूर्व में बनी सड़कें भी टूटकर जर्जर हो चुकी हैं, जबकि शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी कोई उल्लेखनीय कार्य नहीं दिखता.

इन बुनियादी मुद्दों से इतर आजकल सोशल मीडिया और प्रचार का एक नया रूप देखने को मिल रहा है. पहली बार फेसबुक पर यह देखकर हैरानी हुई कि विधायक जी का बाकायदा एक 'रील विभाग' भी है. किसी ओझा जी को लोग जन्मदिन की बधाई दे रहे थे और उनके परिचय में लिखा था कि वे स्थानीय विधायक के 'रील विभाग के अध्यक्ष' हैं. पूर्व प्रशासनिक अधिकारी रहे वर्तमान विधायक आज भी एक सरकारी मुलाजिम की तरह बात करते हैं और उनका दफ्तर किसी जनप्रतिनिधि के आवास के बजाय किसी कॉरपोरेट कंपनी का कार्यालय प्रतीत होता है, जहां लोगों के मिलने का रील बनते देर नहीं लगती. इसके साथ ही स्थानीय पत्रकारों को जलील करना और उन पर दिल्ली की तीस हजारी अदालत से मानहानि का नोटिस भिजवाना उनकी स्थानीय जड़ों से दूरी को ही दर्शाता है.

कोरान और पड़सौदा के संस्कारों का अंतर

बक्सर की जनता आज कोरान के मुन्ना तिवारी और भोजपुर के पड़सौदा से आने वाले श्री आनंद मिश्र की कार्यप्रणाली के बीच के फर्क को साफ महसूस कर रही है. राजनीति में मंच से किसका नाम लिया गया और किसका छूट गया, यह महज एक औपचारिकता है. जनता किसी नेता को मंच के प्रोटोकॉल से नहीं, बल्कि अपनी टूटी सड़कों, बदहाल अस्पतालों, स्कूलों की स्थिति और अपने दुख-सुख में नेता की सहज उपलब्धता के आधार पर तौलती है. बक्सर की मिट्टी हमेशा उसी नेतृत्व को स्वीकार करती है जो सत्ता के रौब के बजाय अपनत्व और जमीनी काम के साथ खड़ा रहे.

(ये लेखक के निजी विचार हैं.)











Post a Comment

0 Comments