पत्नी से साली की बात कराने का बहाना बनाकर मोहन कुमार का स्मार्टफोन मांग लिया. भरोसे में आकर चालक ने फोन दे दिया, जिसके बाद आरोपी सामान लाने की बात कहकर गली से नीचे उतरा और फिर वापस नहीं लौटा.
- डुमरांव से 600 रुपये किराये पर बक्सर लाया, साली से बात कराने के बहाने फोन लेकर चंपत
- नगर थाना क्षेत्र के सोहनी पट्टी इलाके में घटित हुई घटना
बक्सर टॉप न्यूज़,बक्सर में मानवता और भरोसे का फायदा उठाकर एक गरीब ऑटो-रिक्शा चालक से ठगी का मामला सामने आया है. खुद को मजबूर पति बताकर और अस्पताल में पत्नी की डिलीवरी होने का झांसा देकर एक शातिर ठग चालक का करीब 18 हजार रुपये कीमत का स्मार्टफोन और सिम कार्ड लेकर फरार हो गया. पीड़ित चालक ने शुक्रवार को नगर थाना बक्सर में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने और मोबाइल बरामदगी की गुहार लगाई है. मामले में नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने कहा कि आवेदन प्राप्त हुआ है और मामले की जांच की जा रही है.
600 रुपये किराये का लालच देकर डुमरांव से लाया बक्सर पीड़ित ऑटो चालक की पहचान डुमरांव के निमेज टोला (वार्ड नंबर-34) निवासी स्व. श्री प्रसाद के पुत्र मोहन कुमार के रूप में हुई है. पुलिस को दिए आवेदन के अनुसार, 12 नवंबर की दोपहर करीब 3 बजे एक अज्ञात युवक निमेज टोला स्थित उनके घर के पास खड़े ऑटो के समीप आया. युवक ने खुद को डुमरांव थाने के पीछे का निवासी बताते हुए कहा कि बक्सर के एक अस्पताल में उसकी पत्नी की डिलीवरी हुई है और उसे डिस्चार्ज कराकर घर लाना है. इसके लिए उसने आने-जाने का 600 रुपये किराया तय किया. युवक की यह पूरी गतिविधि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हुई है.
साली से बात कराने के बहाने लिया फोन और हो गया गायब भाड़ा तय होने के बाद मोहन कुमार उसे लेकर बक्सर के सोहनी पट्टी (माचिस फैक्ट्री के बगल में) स्थित उक्त अस्पताल पहुंचे. अस्पताल के ऊपर जाने के बाद आरोपी ने पास की ही गली में अपनी साली के रहने की बात कही. वह चालक को लेकर सोहनी पट्टी की अगली गली में गया और अपनी पत्नी से साली की बात कराने का बहाना बनाकर मोहन कुमार का स्मार्टफोन मांग लिया. भरोसे में आकर चालक ने फोन दे दिया, जिसके बाद आरोपी सामान लाने की बात कहकर गली से नीचे उतरा और फिर वापस नहीं लौटा.
स्थानीय पूछताछ में सामने आया संदिग्ध का नाम काफी देर तक इंतजार के बाद जब युवक नहीं लौटा, तो मोहन कुमार को ठगी का अहसास हुआ. घटनास्थल के आसपास स्थानीय लोगों से पूछताछ करने पर पीड़ित को जानकारी मिली कि ठगी करने वाले युवक का नाम टीपू कुमार उर्फ दीपू है. आवेदन के मुताबिक, स्थानीय लोगों ने बताया कि आरोपी पहले भी इस तरह की धोखाधड़ी और साइबर अपराध की घटनाओं में संलिप्त रहा है और कुछ लोगों के पास उससे जुड़े वीडियो साक्ष्य भी मौजूद हैं.
चालू सिम से अवैध कॉल का डर, पुलिस छानबीन में जुटी पीड़ित मोहन कुमार ने बताया कि वह बेहद गरीब परिवार से हैं और ऑटो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं. 18 हजार रुपये का मोबाइल छिन जाने से उन पर आर्थिक संकट आ गया है. इससे भी बड़ी चिंता यह है कि ठगा गया मोबाइल और सिम कार्ड अब भी चालू है, जिस पर रिंग जा रही है और उससे लगातार अवैध कॉल किए जा रहे हैं. सिम कार्ड पीड़ित के नाम पर पंजीकृत होने के कारण उन्हें आशंका है कि अपराधी इसका इस्तेमाल किसी बड़े साइबर फ्रॉड या आपराधिक वारदात में कर उन्हें कानूनी पचड़े में फंसा सकता है.
पीड़ित ने पुलिस से डुमरांव स्थित घर के पास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने, मोबाइल व आईएमईआई (IMEI) नंबर को तत्काल सर्विलांस पर लेकर लोकेशन ट्रेस करने और सिम के दुरुपयोग से कानूनी सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है. फिलहाल नगर थाना पुलिस आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुट गई है.








.png)










0 Comments