वीडियो : बक्सर थर्मल पावर प्लांट के रेल कॉरिडोर पर दीवार की अफवाहों पर विराम ..

रेल कॉरिडोर के किनारे दीवार बनाए जाने की अफवाहों को खारिज करते हुए एसजेवीएन थर्मल प्राइवेट लिमिटेड के सीईओ पुलक कुमार मुखोपाध्याय ने स्पष्ट किया है कि ट्रैक के किनारे कोई दीवार नहीं बनेगी, बल्कि पौधे ही बाउंड्री का काम करेंगे और ग्रामीणों के लिए अलग रास्ता भी दिया जाएगा. 








  • किसानों का भ्रम दूर: सीईओ ने स्पष्ट किया कि रेल लाइन के किनारे ऊंची दीवार नहीं बनेगी, बल्कि पौधे बाउंड्री का काम करेंगे और ग्रामीणों के लिए अलग रास्ता भी दिया जाएगा.
  • विकास से जुड़ेगा मुनाफा: 64 प्रतिशत भूमि अधिग्रहण पर सहमति बनी, कंपनी के हर 100 करोड़ के लाभ पर 2 करोड़ रुपये बक्सर के स्थानीय विकास पर खर्च होंगे.

बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : चौसा स्थित बक्सर थर्मल पावर प्लांट की दोनों इकाइयों के शुरू होने के बाद अब सबसे बड़ी चुनौती कोयले की निर्बाध और स्थायी आपूर्ति सुनिश्चित करना है. फिलहाल अस्थायी व्यवस्था के तहत ट्रकों से कोयला मंगाया जा रहा है, लेकिन लंबे समय तक इस पर निर्भर नहीं रहा जा सकता. इसे देखते हुए पवनी-कमरपुर से चौसा प्लांट तक करीब 900 से 1,000 करोड़ रुपये की लागत से समर्पित रेल नेटवर्क और एलिवेटेड (रेल-ओवर-रेल) कॉरिडोर विकसित किया जा रहा है. इस बीच, रेल कॉरिडोर के किनारे दीवार बनाए जाने की अफवाहों को खारिज करते हुए एसजेवीएन थर्मल प्राइवेट लिमिटेड के सीईओ पुलक कुमार मुखोपाध्याय ने स्पष्ट किया है कि ट्रैक के किनारे कोई दीवार नहीं बनेगी, बल्कि पौधे ही बाउंड्री का काम करेंगे और ग्रामीणों के लिए अलग रास्ता भी दिया जाएगा.

किसानों का भ्रम दूर, 64 प्रतिशत भूमि अधिग्रहण पर बनी सहमति सीईओ ने बताया कि सड़क निर्माण के लिए किसान आसानी से जमीन दे देते हैं, क्योंकि उन्हें लगता है कि इससे जमीन की कीमत बढ़ेगी, लेकिन रेल लाइन को लेकर उनमें यह डर बैठ गया था कि ट्रैक के दोनों ओर ऊंची दीवार खड़ी कर दी जाएगी और उनकी खेती व आवागमन प्रभावित होगा. उन्होंने इस भ्रम को दूर करते हुए कहा कि बाउंड्री के रूप में पेड़ लगाए जाएंगे और स्थानीय ग्रामीणों व किसानों के आने-जाने के लिए ट्रैक के साथ एक अलग रास्ता भी बनाया जाएगा. सीईओ के अनुसार, रेल लाइन बिछाने के लिए अब तक 64 प्रतिशत रैयत (किसान) जमीन देने के लिए राजी हो चुके हैं और शेष किसानों से संवाद जारी है, जिससे जल्द ही शत-प्रतिशत सहमति बनने की उम्मीद है.

प्लांट के मुनाफे से सीधा जुड़ेगा बक्सर का विकास 14,000 करोड़ रुपये के निवेश से तैयार सुपरक्रिटिकल थर्मल पावर प्रोजेक्ट की पहली 660 मेगावाट इकाई 2025 में शुरू हुई थी, जबकि 12 सितंबर को दूसरी 660 मेगावाट इकाई से वाणिज्यिक उत्पादन प्रारंभ हुआ, जिसका शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 21 नवंबर को वैशाली से किया. सीईओ ने जोर देकर कहा कि कंपनी का मुनाफा सीधे तौर पर बक्सर के स्थानीय विकास से जुड़ा है. कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) के नियमों के तहत यदि कंपनी 100 करोड़ रुपये का लाभ कमाती है, तो उसी वित्तीय वर्ष में 2 करोड़ रुपये स्थानीय क्षेत्र के विकास पर खर्च करना अनिवार्य है. स्थायी रेल लाइन बनने से कोयला ढुलाई की लागत घटेगी, प्लांट पूरी क्षमता से चलेगा और इसके मुनाफे का सीधा लाभ सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा टाउनशिप की सुविधाओं के रूप में बक्सर के नागरिकों को मिलेगा.

पहले भी लगे थे अड़ंगे, देरी से हुआ था साढ़े तीन हजार करोड़ का नुकसान गौरतलब है कि चौसा स्थित इस पावर प्लांट की आधारशिला 9 मार्च 2019 को प्रधानमंत्री द्वारा रखी गई थी और इसे 2023 तक शुरू होना था. हालांकि, कोविड-19 महामारी, मजदूरों की हड़ताल और 2022 से 2024 के बीच भूमि मुआवजा विवाद को लेकर हुए उग्र आंदोलनों, आगजनी व लाठीचार्ज के कारण परियोजना समय पर पूरी नहीं हो सकी. इस देरी और विवाद के चलते परियोजना की लागत 10,439 करोड़ रुपये से बढ़कर करीब 14,000 करोड़ रुपये तक पहुंच गई, जिससे साढ़े तीन हजार करोड़ रुपये का अतिरिक्त बोझ पड़ा और इसका सीधा असर बिहार को मिलने वाली बिजली की दर व स्थानीय विकास कार्यों पर पड़ा.

वीडियो : 



















Post a Comment

0 Comments