इसका उद्देश्य राहगीरों को नाले में गिरने के खतरे से बचाना और दुर्गंध की समस्या को कम करना है. इसी दीवार पर रामायण के प्रसंग को जीवंत रूप में चित्रित किया गया है, जिसे देखने के लिए राहगीर भी रुक रहे हैं.
- नाले की पुरानी रेलिंग को लोहे की चादरों से ढककर बनाया सुरक्षित, दुर्गंध से भी मिली राहत
- रामरेखा घाट समेत शहर की दीवारों पर उभरी भोजपुरी संस्कृति, स्वच्छता और धार्मिक विरासत की झलक
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : लोक आस्था के महापर्व छठ की धूम के बीच शहर के छठ घाटों और आसपास के इलाकों में नगर परिषद की ओर से कराई गई आकर्षक पेंटिंग लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है. रामरेखा घाट सहित आसपास की दीवारों पर उकेरी गईं रंग-बिरंगी कलाकृतियां न केवल शहर की सुंदरता बढ़ा रही हैं, बल्कि बक्सर की धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को भी दर्शा रही हैं.
इन पेंटिंगों में सबसे अधिक चर्चा ताड़का नाला के ऊपर बनाई गई भगवान श्रीराम और लक्ष्मण द्वारा राक्षसी ताड़का वध के दृश्य की हो रही है. दरअसल, पहली बार ताड़का नाला पर स्थित पुरानी पुलिया की रेलिंग को नगर परिषद की ओर से लोहे की चादरों से ढककर दीवार का स्वरूप दिया गया है. इसका उद्देश्य राहगीरों को नाले में गिरने के खतरे से बचाना और दुर्गंध की समस्या को कम करना है. इसी दीवार पर रामायण के प्रसंग को जीवंत रूप में चित्रित किया गया है, जिसे देखने के लिए राहगीर भी रुक रहे हैं.
इसके अलावा दीवारों पर स्वच्छता का संदेश, छठ महापर्व की लोक परंपराएं, भोजपुरी लोक संस्कृति और बक्सर के धार्मिक महत्व से जुड़े विभिन्न चित्र उकेरे गए हैं. इन कलाकृतियों के माध्यम से शहर को सुंदर बनाने के साथ-साथ लोगों को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का प्रयास किया गया है.
जिलाधिकारी साहिला के मार्गदर्शन में नगर परिषद की ओर से कराए गए इस कार्य में नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी कुमार ऋत्विक और चेयरमैन कमरून निशा की पहल रही. पेंटिंग का कार्य मोनालिसा प्रशिक्षण एवं कला संस्थान की ओर से किया गया. संस्थान के सचिव बिनोद सिंह ने इस अवसर पर जिलेवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं.








.png)













0 Comments