हादसे के बाद तीनों युवक सड़क किनारे झाड़ियों में लहूलुहान हालत में पड़े थे. सूचना मिलते ही कृष्णा शर्मा अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचे और बिना समय गंवाए राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया.

- चंदा गांव के माधुरी होटल के सामने हुआ भीषण सड़क हादसा, दो युवकों की हालत गंभीर
- बक्सर से डुमरांव लौट रहे थे तीनों बाइक सवार, कृष्णा शर्मा ने साथियों के साथ पहुंचकर संभाला मोर्चा
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : चंदा गांव के पास रविवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में तीन बाइक सवार युवक घायल होकर सड़क किनारे झाड़ियों में लहूलुहान पड़े थे. अंधेरे में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे इन युवकों के लिए कृष्णा शर्मा देवदूत बनकर पहुंचे. घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने बिना देर किए अपने साथियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला और तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया. उनकी तत्परता से घायलों को समय पर उपचार मिल सका.
जानकारी के अनुसार, डुमरांव के दक्षिण टोला निवासी तीनों युवक बक्सर से अपना काम निपटाकर बाइक से घर लौट रहे थे. इसी दौरान चंदा गांव स्थित माधुरी होटल के सामने उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई. हादसे के बाद तीनों युवक सड़क किनारे झाड़ियों में लहूलुहान हालत में पड़े थे. सूचना मिलते ही कृष्णा शर्मा अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचे और बिना समय गंवाए राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया.
दो युवकों की हालत गंभीर, सदर अस्पताल में इलाज जारी
घायलों को पहले नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दो युवकों की गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल बक्सर रेफर कर दिया. इसके बाद कृष्णा शर्मा और उनके साथी तीनों को लेकर सदर अस्पताल पहुंचे. वहां परिजन भी पहुंच गए हैं और चिकित्सकों की निगरानी में इलाज जारी है.
घायलों की पहचान अंकित चौधरी (25), पिता अच्छेलाल चौधरी, अनिल साह (35), पिता बालदेव साह और पंकज ठाकुर (30), पिता सुशील ठाकुर के रूप में हुई है. तीनों डुमरांव के दक्षिण टोला के निवासी हैं. अंकित चौधरी और अनिल साह की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि पंकज ठाकुर को मामूली चोटें आई हैं.
हादसे के बीच कृष्णा शर्मा और उनके साथियों की तत्परता ने इंसानियत की मिसाल पेश की है. संकट की घड़ी में समय पर मिली मदद घायलों के लिए बेहद अहम साबित हुई.






.png)








0 Comments