बक्सर के तीन खिलाड़ी UAE में लहराएंगे तिरंगा : एशियन चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में चयन ..

कहा कि यह बक्सर जिले और विशेष रूप से कमरपुर पंचायत के लिए अत्यंत गर्व और ऐतिहासिक क्षण है. उन्होंने कहा कि हमारे गांव की बेटी और बेटे आज विदेश की धरती पर भारत का मान बढ़ाने जा रहे हैं. 






               




  • कमरपुर और लालगंज के चंदन, रूपा और चांदनी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर करेंगे देश का प्रतिनिधित्व
  • रवानगी से पहले स्टेशन पर पवन चौरसिया के नेतृत्व में हुआ भव्य अभिनंदन, जीत के लिए दी गई शुभकामनाएं

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिले की ग्रामीण प्रतिभाओं ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय खेल पटल पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है. संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में आयोजित होने वाली प्रतिष्ठित 'AAMPC एशियन बायथलॉन/ट्रायथलॉन/लेजर रन चैंपियनशिप-2026' में बक्सर के तीन होनहार खिलाड़ी भारतीय दल का हिस्सा बनकर देश का प्रतिनिधित्व करेंगे.

भारतीय टीम में जगह बनाने वाले खिलाड़ियों में कमरपुर पंचायत के चंदन कुमार साहनी तथा लालगंज निवासी रूपा यादव एवं चांदनी कुमारी साहनी शामिल हैं. सीमित संसाधनों और गांव की पगडंडियों से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक का सफर तय करने वाली जिले की इन बेटियों और बेटे की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है.

UAE रवाना होने से पूर्व बक्सर रेलवे स्टेशन पर तीनों खिलाड़ियों का बेहद गर्मजोशी और सम्मान के साथ अभिनंदन किया गया. भाजपा नगर पश्चिमी के संयोजक पवन चौरसिया के नेतृत्व में स्थानीय कार्यकर्ताओं और खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों को फूल-मालाएं पहनाईं और मिठाई खिलाकर देश के लिए पदक जीतने की शुभकामनाएं दीं. इस दौरान स्टेशन परिसर 'भारत माता की जय' के नारों से गूंज उठा.

इस अवसर पर पवन चौरसिया ने कहा कि यह बक्सर जिले और विशेष रूप से कमरपुर पंचायत के लिए अत्यंत गर्व और ऐतिहासिक क्षण है. उन्होंने कहा कि हमारे गांव की बेटी और बेटे आज विदेश की धरती पर भारत का मान बढ़ाने जा रहे हैं. इन खिलाड़ियों का समर्पण और कड़ा अभ्यास जिले के अन्य युवाओं के लिए बड़ी प्रेरणा है. पूरा विश्वास है कि ये तीनों अंतरराष्ट्रीय मंच पर तिरंगे की शान बढ़ाकर देश और बक्सर का नाम पूरी दुनिया में रोशन करेंगे.

मौके पर मौजूद सभी शुभचिंतकों ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए उन्हें प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने और विजयी होकर लौटने का आशीर्वाद दिया.










Post a Comment

0 Comments