दुर्गापूजा में श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे चिकित्सक, लगातार 10वें वर्ष लग रहा निःशुल्क चिकित्सा शिविर ..

साबित खिदमत फाउंडेशन एवं अस्पताल तथा मानव अधिकार एवं सामाजिक न्याय के संयुक्त तत्वावधान में लगातार 10वें वर्ष निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जा रहा है.




                           





  • चीनी मिल क्षेत्र में साबित खिदमत फाउंडेशन और मानव अधिकार एवं सामाजिक न्याय की संयुक्त पहल, प्राथमिक उपचार से लेकर दवाओं तक की सुविधा
  • गंभीर मरीजों के इलाज के लिए 24 घंटे तैयार है साबित खिदमत अस्पताल, श्रद्धालुओं को जरूरत पड़ने पर शिविर का लाभ लेने की अपील

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : दुर्गापूजा के उत्साह और भक्ति के बीच चीनी मिल क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सेहत का ख्याल रखने के लिए चिकित्सकों की टीम सेवा में जुटी है. साबित खिदमत फाउंडेशन एवं अस्पताल तथा मानव अधिकार एवं सामाजिक न्याय के संयुक्त तत्वावधान में लगातार 10वें वर्ष निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जा रहा है. शिविर में श्रद्धालुओं को प्राथमिक उपचार, जरूरी दवाएं और चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया जा रहा है.

अस्पताल के निदेशक एवं मानव अधिकार एवं सामाजिक न्याय के बिहार प्रदेश महासचिव डॉ. दिलशाद आलम ने बताया कि शिविर में दुर्घटना में लगी चोट, घाव, पुरानी चोट से जुड़ी परेशानी, दर्द और बुखार जैसी समस्याओं के उपचार की व्यवस्था की गई है. चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी श्रद्धालुओं की सहायता के लिए तत्पर हैं.

दस वर्षों से जारी है सेवा की परंपरा

डॉ. दिलशाद आलम ने कहा कि मानव सेवा उनकी प्राथमिकता है. पिछले नौ वर्षों से चली आ रही सेवा परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी पूरी टीम समर्पित भाव से काम कर रही है. सभी सहयोगियों के प्रयास से शिविर का संचालन किया जा रहा है. उन्होंने उम्मीद जताई कि यह पहल हजारों श्रद्धालुओं के लिए उपयोगी साबित होगी.

पूजा पंडाल की व्यवस्था की भी सराहना

इस अवसर पर बीडीएस एवं डेंटल सर्जन डॉ. खालिद ने चीनी मिल क्षेत्र के पूजा पंडाल और आयोजन व्यवस्था की सराहना की. उन्होंने कहा कि पंडाल बेहद शानदार बना है. हर वर्ष यहां अच्छी व्यवस्था की जाती है और इस बार भी श्रद्धालुओं की सुविधा का ध्यान रखा गया है.

डॉ. उद्वल ने शिविर के सफल संचालन में सहयोग देने वाले चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों, पूजा समिति के सदस्यों और स्वयंसेवकों के प्रति आभार जताया. वहीं, डॉ. मनीष कुमार ने बताया कि साबित खिदमत अस्पताल में 24 घंटे चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध हैं. शिविर में किसी श्रद्धालु की स्थिति गंभीर होने पर अस्पताल भेजे जाने की स्थिति में उनकी टीम उपचार और जरूरी चिकित्सा सहायता के लिए तैयार रहेगी.

मौके पर प्रगतिशील शक्तिपीठ के रोहित चतुर्वेदी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे. अभिमन्यु, डॉ. खालिद, डॉ. उद्वल, डॉ. मनीष कुमार एवं अन्य चिकित्सकों के साथ अस्पताल तथा मानव अधिकार एवं सामाजिक न्याय से जुड़े राहुल, अरुण कुमार पांडेय, अरुण कुमार सिंह, नासिर, नसीम, सुनील और अन्य सदस्यों ने भी आयोजन में सहयोग दिया.

आयोजकों ने श्रद्धालुओं से अपील की कि जरूरत पड़ने पर चीनी मिल क्षेत्र में संचालित इस निःशुल्क चिकित्सा शिविर का लाभ उठाएं.












Post a Comment

0 Comments